पडरौना। सहायक अध्यापक के 16648 पदों पर नियुक्ति पत्र न मिलने से नाराज अभ्यर्थियों ने सोमवार को जमकर विरोध किया। बेसिक शिक्षा विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कार्यालय के सामने एनएच जाम करने का प्रयास किया, लेकिन एडीएम पहुंच गए। उनसे भी बात नहीं बनी तो अभ्यर्थियों ने डीएम कार्यालय के बाहर धरना दिया। डीएम के कहने पर बीएसए ने 31 अगस्त को काउंसिलिंग की तिथि घोषित कर सूचना पट्ट पर चस्पा कराया, जिसके बाद धरना समाप्त हुआ।
सहायक अध्यापक के 16648 पदों के लिए पहली काउंसिलिंग 16 और 17 अगस्त को हुई थी। दो दिनों में कुल 413 अभ्यर्थियों की काउंसिलिंग हुई थी। दूसरी काउंसिलिंग 24 अगस्त को हुई, जिसमें करीब 2200 अभ्यर्थियों की काउंसिलिंग हुई। बताया जा रहा है कि शेष ओबीसी की 111, ओबीसी की 86 और दिव्यांग व स्वतंत्रता संग्राम सेनानी के 33 पदों पर काउंसिलिंग होनी बाकी है। 16-17 अगस्त की प्रथम काउंसिलिंग में केवल शिक्षामित्र सम्मिलित थे। कहा जा रहा है कि बीएसए की तरफ से 26 अगस्त को नियुक्ति पत्र देने के लिए कहा गया था, लेकिन 29 तक नहीं दिया गया। इससे अभ्यर्थियों की नाराजगी बढ़ गई।
अभ्यर्थियों ने पहले तो एनएच जाम करने का प्रयास किया, लेकिन तब तक एडीएम रामकेवल तिवारी के पहुंच जाने के कारण सड़क जाम न कर कलेक्ट्रेट में डीएम कार्यालय के बाहर जाकर धरने पर बैठ गए। बाद में डीएम के आश्वासन पर अभ्यर्थियों का गुस्सा शांत हुआ।
इस दौरान अरविंद सिंह, साधना, जावेद, संतोष सिंह, दिलीप कुमार, अनिल गोस्वामी, राजीव कुमार, आशा देवी, नीलम, शालिनी वर्मा, श्रीकांत पाठक, दिनेश यादव, योगेंद्र यादव, सीमा गौड़, लालबाबू सहित कई अभ्यर्थी मौजूद थे।