तमकुहीराज। क्षेत्र के पगरा पड़री गांव को एनएच से जोड़ने वाली सड़क पिच न होने से लोगों में नाराजगी है। लोग इसे चुनावी मुद्दा बनाते हुए राजनैतिक दलों के लोगों को गांव में घुसने से रोकने का मन बनाने लगे हैं। रविवार को इसके लिए बैठक कर आम सहमति बनाने पर चर्चा हुई।
पगरा पडरी से बगहीं स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग की दूरी लगभग चार किलोमीटर है। इस सड़क का उपयोग पगरा प्रसाद गिरी, खुदरा अहिरौली, पगरा पड़री, राजा बसंतपुर, पांडेयपुर, रामलगन राय, नौगांवा, मेहदिया, पडरी विशुनदयाल, पड़री राजा, कपरधिका सहित कई गांवों के लोग आवागमन के लिए करते हैं। वर्ष 1975 में आरईएस की तरफ से इस सड़क को खड़ंजा कराया गया था। तब से इस मार्ग पर न तो किसी विभाग ने ध्यान दिया और न ही किसी जनप्रतिनिधि ने। वर्तमान में यह सड़क पूरी तरह गड्ढों में तब्दील हो गई है।
सड़क निर्माण के लिए गांववाले अक्सर जनप्रतिनिधियों से मांग करते हैं, लेकिन उन्हें केवल आश्वासन ही मिलता है। रविवार को सड़क के निर्माण के लिए पगरा प्रसाद गिरी के ग्राम प्रधान की अध्यक्षता में बैठक हुई। इस बैठक में निर्णय लिया गया कि चुनाव से पूर्व सड़क निर्माण शुरू नहीं होता है तो संबंधित गांवों के लोगों को जागरूक कर विधानसभा चुनाव का सामूहिक बहिष्कार किया जाएगा। इसकी जानकारी तहसील प्रशासन, जिला प्रशासन, मुख्यमंत्री एवं चुनाव आयोग को देने के लिए पत्र भेजने पर सहमति बनी।
बैठक में ग्राम प्रधान ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह, ग्राम प्रधान रामाकांत सिंह, फतेह बहादुर कुशवाहा, ग्राम प्रधान विद्यासागर कुशवाहा, महंथ गिरी, रामनरेश पांडेय, रामचंद्र यादव, मुन्ना सिंह, हारुन अंसारी, नगनारायण सिंह, अनिरुद्ध सिंह सहित कई लोग मौजूद थे।