जिला अस्पताल में पोस्ट कोविड मरीजों का उपचार शुरू
पडरौना। कोरोना संक्रमण से उबरने के बाद भी कुछ लोगों को दिक्कत हो रही है। ऐसे मरीजों के उपचार के लिए जिला अस्पताल में अलग से 10 बेड का एक वार्ड बनाया गया है। तीन डॉक्टरों की जिम्मेदारी भी तय हुई है। ये डॉक्टर मरीज को सलाह देने के साथ जरूरत पड़ने पर भर्ती कर इलाज भी करेंगे।
कोरोना संक्रमण से जूझने के बाद जनपद में 14838 मरीज स्वस्थ हुए हैं। इनमें कुछ मरीज ऐसे भी हैं, जो कोविड निगेटिव तो हो गए हैं, लेकिन उन्हें किसी न किसी तरह की स्वास्थ्य संबंधी समस्या आ रही है। ऐसे मरीजों को समय पर चिकित्सकीय सुविधा, दवा और डॉक्टर का परामर्श मिलता रहे, इसके लिए डीएम एस. राजलिंगम के निर्देश पर जिला अस्पताल में इंडोर और ओपीडी चिकित्सा व्यवस्था की गई है। जिला अस्पताल में इसके लिए दस बेड का एक वार्ड बनाया गया है, जहां आवश्यकता पड़ने पर मरीजों को भर्ती करने का प्रबंध किया गया है। पोस्ट कोविड मरीजों के उपचार और उचित परामर्श के लिए तीन सर्जन डॉक्टर तैनात किए गए हैं। इनमें एक-एक ईएनटी, आई सर्जन और एक डेंटल सर्जन शामिल हैं। इसके अतिरिक्त फार्मासिस्ट, वार्ड ब्वॉय और स्टॉफ नर्स को भी ऐसे मरीजों के इलाज के लिए तैयार रखा गया है, ताकि कोविड संक्रमण से उबरे किसी मरीज की हालत बिगड़ती है तो उसे तत्काल भर्ती कर इलाज शुरू किया जा सके।
पोस्ट कोविड वाले मरीजों के इलाज के लिए डीएम की तरफ से 50 बेड का वार्ड बनाने का निर्देश दिया गया है। अभी इस तरह के मरीज इक्का-दुक्का ही आ रहे हैं। इसलिए दस बेड का एक वार्ड तैयार कर लिया गया हैँ। ऐसे मरीजों के लिए ओपीडी और इंडोर चिकित्सा व्यवस्था की गई है। एक-एक ईएनटी, आई और डेंटल सर्जन सहित पैरामेडिकल स्टॉफ तैनात कर दिए गए हैं। जैसे ही मरीजों की संख्या बढ़ेगी, वार्ड में बेड की संख्या भी बढ़ाई जाएगी। वार्ड को 50 बेड तक का किया जाएगा।
डॉ. एसके वर्मा,
मुख्य चिकित्सा अधीक्षक, जिला अस्पताल