पकवा इनार। विद्युत उपकेंद्र कुशीनगर में लगे 10 एमवीए के ट्रांसफार्मर में 24 घंटे से गड़बड़ी है। उपभोक्ताओं को बिजली की आपूर्ति आंशिक रूप से ही मिल पा रही है। वह उपकेंद्र में लगे पांच एमवीए के ट्रांसफार्मर से शिफ्ट के साथ महज कुछ घंटे ही दी जा रही है। हालांकि इस उपकेंद्र से तीन फीडर संचालित हैं। हजारों की संख्या में कनेक्शन और उपभोक्ता हैं। इस अव्यवस्था से पूरी तरह प्रभावित हैं।
विद्युत उपकेंद्र से तीन फीडर बुद्धा, रामाभार और पिपराझाम संचालित होते हैं। इनके सुचारू संचालन के लिए उपकेंद्र में 10 एमवीए व पांच एमवीए के एक-एक ट्रांसफार्मर लगे हैं। रविवार की शाम करीब पांच बजे 10 एमवीए के ट्रांसफार्मर में कुछ गड़बड़ी आ गई। इससे बिजली आपूर्ति रामाभार व बुद्धा फीडर की प्रभावित हो गई। इसे ठीक करने का प्रयास किया गया, लेकिन सोमवार की शाम 24 घंटे बीत जाने के बाद भी स्थिति जस की तस बनी रही। जेई रवि प्रकाश ने कहा कि ट्रांसफार्मर लगाने वाली कंपनी लक्ष्मी ट्रांसफार्मर, आगरा की तकनीकी टीम आ रही है। संभावना है कि मंगलवार शाम तक ट्रांसफार्मर ठीक हो जाए। तब तक पांच एमवीए से ही फीडरों में शिफ्टवार बिजली आपूर्ति बहाल कराई जा रही है।