खड्डा। गोरखपुर-नरकटियागंज रेल खंड पर बंजारी पट्टी गांव के सामने अंडर पास बनाने के लिए बुधवार को इस रूट पर पौने सात घंटे तक ट्रेनों का आवागमन रोक दिया गया। रेलवे के इंजीनियरों ने सात घंटे के लिए मेगा ब्लाक लिया था। इस कार्य के चलते सत्याग्रह समेत कई ट्रेनों का आवागमन प्रभावित रहा। शाम 5.10 बजे सत्याग्रह को इस रूट से सावधानी पूर्वक आगे बढ़ाया गया। इसके बाद अन्य ट्रेनों के आवागमन को हरी झंडी दे दी गई।खड्डा थानाक्षेत्र के बंजारीपट्टी गांव से निकलकर एक सड़क सोहरौना होते हुए कई गांव को जोड़ती है। यह सड़क मुख्य पश्चिमी गंडक नहर के पूर्व व खड्डा स्टेशन से पश्चिम स्थित है।
बंजारी पट्टी गांव के सामने इस रेल मार्ग पर मानव रहित क्रासिंग है। यहां अक्सर हादसा होता रहता है। इसको देखते हुए रेलवे ने करीब एक वर्ष पहले यहां अंडरपास बनाने का निर्णय लिया था। अंडर पास निर्माण के लिए फाउंडेशन, दीवार व छत की अलग-अलग ढलाई की गई थी। बुधवार को रेल लाइन के नीचे गड्ढा बनाकर इन्हें लगाने का कार्य होना था। इसके लिए सुबह ही उच्च क्षमता के क्रेन व उपकरण मंगाए गए। सुबह 10.30 बजे से सात घंटे के लिए इस रूट पर मेगा ब्लाक(रेल पथ पर संचालन बंद) लेकर सीनियर डीईएन अखिलेश त्रिपाठी की अगुवाई में कार्य शुरू हुआ।
रेल लाइन के नीचे पुल (अंडर पास) बनाने के लिए इंजीनियरों ने पहले से ही फाउंडेशन, दीवार व छत की ढलाई करा रखी थी, जिस जगह अंडर पास बनाना था वहां जेसीबी से खुदाई की गई। इसके बाद क्रेन के जरिए फाउंडेशन, दीवार व छत को लगाकर जाम कर दिया गया। कुछ ही घंटों में पुल बनाने की यह तकनीकि देखने के लिए दिन भर लोग आते-जाते रहे। लोगों के लिए यह कार्य कौतुहल का विषय था।
गोरखपुर-नरकटियागंज रेल खंड पर बंजारी पट्टी के पास बन रहे अंडर पास से बंजारी पट्टी, सोहरौना, सोनबरसा, तुर्कहा, सिसवा गोपाल, मदनपुर सुकरौली, पकड़ी बृजलाल, हनुमानगंज, भैसहां आदि गांवों के लोगों को सीधा लाभ होगा। लोगों को खेती कार्य के लिए अपने वाहन व कृषि उपकरण ले जाने में भी सुविधा होगी।
गोरखपुर-नरकटियागंज रेल मार्ग पर अंडर पास के लिए सात घंटे का मेगा ब्लाक लेने के चलते दिन भर ट्रेनों की आवाजाही बंद रही। खड्डा रेलवे स्टेशन से गोरखपुर व बिहार जाने वाले यात्री दहारी, रोशन, पानमती, जवाहर, नकछेद, कमलेश आदि का कहना था कि पहले से इसकी जानकारी नहीं होने के चलते पूरा दिन रेलवे स्टेशन पर ही बीत गया। घर से यात्रा के लिए समय से निकले थे लेकिन यहां आने पर पता लगा कि साढ़े पांच बजे के बाद ट्रेन मिलेगी। महिला व बच्चों के साथ यात्रा करने निकले लोगों को इस मेगा ब्लाक के चलते काफी परेशान होना पड़ा।
मौके पर मौजूद सीनियर डीईएन अखिलेश त्रिपाठी ने बताया कि मानव रहित रेलवे क्रासिंग पर आए दिन हो रहे रेल हादसों को रोकने के लिए सरकार ने पूरे देश में 2022 तक हर जगह अंडर पास बनाने का निर्णय लिया है। इस तरह की व्यवस्था न सिर्फ हादसे रुकेंगे बल्कि आवागमन में भी सुविधा होगी। अंडर पास बनाने का कार्य तेजी से चल रहा है।