पडरौना। मंगलवार को यूपी बोर्ड परीक्षा में हाईस्कूल की गणित विषय की परीक्षा में रमापति इंटर कालेज धर्मपुर पर्वत में एक मुन्ना भाई सीसीटीवी कैमरे की नजर में आ गया। रिस्ट वॉच को बार-बार कान के पास ले जाकर सवाल हल कर रहे इस परीक्षार्थी पर संदेह होने पर आंतरिक सचल दस्ते ने पकड़ा। यह केंद्र बोर्ड परीक्षा के लिहाज से संवेदनशील की श्रेणी में है और यहां स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात हैं, इसके बाद भी परीक्षार्थी नकल कर रहा था। इसके अलावा गणित विषय की परीक्षा में ही हाटा के इंडियन पब्लिक स्कूल परीक्षा केंद्र पर भी एक नकलची अनुचित साधन के साथ पकड़ा गया। प्रथम पाली में 10299 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ी है
।
मंगलवार को यूपी बोर्ड परीक्षा की प्रथम पाली में हाईस्कूल के गणित और इंटर में गृहविज्ञान और कृषि वनस्पति विज्ञान की परीक्षा थी। हाईस्कूल में गणित विषय के 50875 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। इसमें से 41933 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए और 8942 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। प्रारम्भिक गणित में पंजीकृत 456 परीक्षार्थियों में से 343 परीक्षार्थी उपस्थित रहे और 133 ने परीक्षा छोड़ दी। गणित विषय की इस परीक्षा में दुदही क्षेत्र के धर्मपुर पर्वत स्थित रमापति इंटर कॉलेज परीक्षा केंद्र के एक कमरे में एक परीक्षार्थी बार-बार अपनी घड़ी को कान के पास लगाकर कुछ बुदबुदाते हुए लिख रहा था।
केंद्र व्यवस्थापक चंचल कुशवाहा और आंतरिक सचल दल के सदस्य सुचित कुमार व किशोरी चंद गुप्ता को इस परीक्षार्थी की हरकतों पर संदेह हुआ। एक बार उसकी जांच की गई लेकिन कुछ हाथ नहीं लगा। इसके बाद केंद्र व्यवस्थापक ने सीसीटीवी कैमरे से उसकी निगरानी की। सीसीटीवी फुटेज देखने के बाद इस परीक्षार्थी को पकड़ा गया और पूछताछ हुई तो पता लगा कि रिस्टवॉच में मोबाइल जैसी सुविधा है। परीक्षा केंद्र के बाहर बैठे सॉल्वर को यह परीक्षार्थी प्रश्न पढ़कर सुना रहा था और वह वहां से उसका उत्तर बोल रहा था। परीक्षार्थी रिस्टवॉच को कान से सटाकर उत्तर सुनकर लिखता चला जा रहा था। केंद्र व्यवस्थापक ने बताया कि यह परीक्षार्थी दीघा मेमोरियल इंटर कालेज गाजीपुर से पंजीकृत है। इसे रिस्टीकेट करते हुए रिस्टवॉच को सील कर दिया गया है।
प्रथम पाली में ही हाटा के इंडियन पब्लिक स्कूल में भी एक नकलची को आंतरिक सचल दस्ते ने पकड़ा।इसके अलावा प्रथम पाली में ही इंटर के गृहविज्ञान में पंजीकृत 7113 परीक्षार्थियों में 5956 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी और 1157 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ी। इंटर के कृषि वनस्पति विज्ञान में 731 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। इसमें से 544 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए और 67 ने परीक्षा छोड़ दी।
प्रथम पाली की परीक्षा में रिस्टवॉच जैसे अत्याधुनिक इलेक्ट्रानिक उपकरण के साथ नकल करते एक परीक्षार्थी के पकड़े जाने की सूचना डीआईओएस व कंट्रोल रूम को देर शाम तक नहीं मिली थी। डीआईओएस उदय प्रकाश मिश्र ने शाम छह बजे ऐसी किसी जानकारी से इंकार किया। बाद में परीक्षा केंद्र से इसकी जानकारी लेकर दुबारा कार्रवाई की पुष्टि की।