- कई बार अधिकारियों के वाहनों को आने जाने में भी होती है दिक्कत
हाटा। तहसील परिसर में बेतरतीब खडे़ दो पहिया व चार पहिया वाहनों की वजह से जाम की स्थित उत्पन्न हो जा रही है। लोग अपने वाहनों को खड़ा कर अपने काम से चले जा रहे है। इस दौरान कई बार अधिकारियों के वाहन भी इस जाम में फंस जा रहे हैं। तहसील परिसर में जिस जगह पर वाहनों को खड़ी करने के लिए पार्किंग बनाई गई है, वहां कोई वाहन खड़ी नहीं करता है।
सोमवार को नगर के तहसील परिसर में वाहनों के खड़े होने से जाम लग गया था। इसी दौरान तहसीलदार की गाड़ी भी जाम में फंस गई। कुछ देर इंतजार के बाद भी जब रास्ता नहीं खुल पाया, तो तहसीलदार को अपनी गाड़ी दूसरे रास्ते ले जाने का निर्देश देना पड़ा। ऐसी परेशानी आए दिन होती है।
तहसील परिसर वाहनों की पार्किंग के लिए कोई सख्त नियम नहीं होने से तहसील परिसर में आने वाले लोग अपने दो पहिया और चार पहिया वाहनों को कहीं भी बेतरतीब ढंग से खड़ी कर देते हैं। इसकी वजह से जब कोई व्यक्ति अपनी गाड़ी निकालना चाहता है, तो उसे काफी देर तक मश्क्कत करनी पड़ती है। इस चक्कर में कई बार कहासुनी भी हो जाती है। ऐसा नहीं कि परिसर में दो पहिया वाहनों को खड़ी करने की जगह नहीं है, बल्कि लोग वहा वाहनों को खड़ी करने के लिए नहीं ले लाते है, और जहां मन आता है, वही वाहन खड़ी कर देते है। यही कारण है आए दिन तहसील परिसर में जाम की समस्या का लोगों को सामना करना पड़ता है।
इस संबंध में एसडीएम हीरालाल ने बताया कि जाम की समस्या का समाधान कराने के लिए वाहनों को खड़ी करने के लिए बनाए गए स्थान पर ही वाहनों को खड़ी करने के लिए व्यवस्था कराई जाऐगी। इस समस्या का जल्द ही समाधान हो जाएगा।