दुदही। विशुनपुरा थाने के ग्राम पंचायत चाफ के राय पट्टी टोले पर अनियंत्रित ट्रैक्टर-ट्राॅली ने मंगलवार को बेटी के घर खिचड़ी लेकर जा रहे पिता-पुत्र को पीछे से टक्कर मार दी। इसमें बेटे की मौत हो गई, जबकि पिता बुरी तरह घायल हो गया। इनका इलाज दुदही सीएचसी पर चल रहा है। इसकी खबर मिलते ही रिश्तेदारों और परिवार के सदस्यों में चीख-पुकार मच गई। पुलिस ने शव को पोस्टमाॅर्टम के लिए भेज दिया।
पृथ्वीपुर गांव के डमूर टोला निवासी प्रभु कुशवाहा (45), बाइक से मंगलवार को नौ वर्षीय बेटे रूपेश के साथ खिचड़ी लेकर अपनी बेटी के घर राय पट्टी जा रहे थे। अभी वह राय पट्टी के पहले भेड़ीहारी टोले के पास अनियंत्रित ट्रैक्टर-ट्राॅली ने बाइक में ठोकर मार दी। ठोकर लगते ही बेटे रूपेश की मौके पर मौत हो गई, जबकि पिता प्रभु कुशवाहा गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को अस्पताल पहुंचाया।