गांव के लोगों को स्वच्छता के प्रति डीएम ने जागरूक किया
- फोटो : अमर उजाला
हाटा। डीएम शंभू कुमार ने सोमवार को विकास खंड सुकरौली के ओडीएफ गांव के रूप में चयनित दो लोहिया गांवों का भ्रमण कर स्थलीय निरीक्षण लिया। डीएम मातहतों के साथ सोमवार को करीब तीन बजे पिपरा हुमेल गांव पहुंचे।
यहां उन्होंने पूर्व में बनाए गए शौचालयों को देखा। गांव के लोगों से शौचालयों के उपयोग के बारे में बात कर उन्होंने गांव वालों को खुले में शौच नहीं करने को लेकर जागरूक भी किया। उन्होंने गांव में बनी निगरानी समिति के वालंटियरों से लोगों को स्वच्छता प्रति जागरूक करने के लिए प्रेरित भी किया।
इस गांव में कुल 203 शौचालयों के निर्माण कराए गए हैं। निगरानी समिति के लोगों ने बताया कि गांव के लोग शौच के लिए बाहर नहीं जाते हैं। निरीक्षण के दौरान गांव में निर्मित शौचालय ठीक पाए गए। इसके बाद डीएम ने गांव बरईपुर पहुंचे। इस ग्राम सभा में कुल 50 परिवार हैं और सबके यहां शौचालय का निर्माण कराया गया है।
यहां भी डीएम ने शौचालयों की स्थिति देखी और लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। निरीक्षण के दौरान डीएम के साथ डीपीआरओ आरके भारती, डीसी मनरेगा महेंद्र चौबे, बृजेश तिवारी, एडीओ पंचायत दिनेश राय, जिला पंचायत सदस्य सत्यकाम पांडेय, ग्राम प्रधान भागीरथी मिश्रा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।