पडरौना। मेडिकल कॉलेज के एल-टू में संचालित महिला अस्पताल के मुख्य द्वार पर कैंपस में शौचालय का पानी व कीचड़ से उठ रही दुर्गंध से मरीजों की दुश्वारियां बढ़ गई हैं। डाॅक्टरों के कक्ष तक दुर्गंध पहुंच रही है। इसका स्थायी समाधान नहीं हो रहा है। मरीजों को इलाज के लिए लेकर आए तीमारदारों ने बृहस्पतिवार को नाराजगी जाहिर किया। तीमारदारों का आरोप है कि सेवा संकल्प अभियान के तहत कार्यक्रम मेडिकल कॉलेज कैंपस में हुआ, लेकिन एल-टू अस्पताल की समस्या किसी को नहीं दिखी।
एल-टू भवन में महिला अस्पताल संचालित किया जाता है, मुख्य द्वार पर हल्की बारिश में पानी भर जाता है, बाकी दिनों मेडिकल कॉलेज से निकलने वाला शौचालय का पानी इसी कैंपस में लग रहा है, इससे उठ रहे दुर्गंध से वार्ड में मरीजों का रहना और ओपीडी में बैठने वाले डाक्टर,स्वास्थ्यकर्मियों का दुश्वार हो गया है। जिले के इकलौता महिला अस्पताल होने के कारण गर्भवती महिलाओं का आना-जाना लगा रहता है। एंबुलेंस वाले सीएचसी,पीएचसी से रेफर होने वाली गर्भवती महिलाओं को लेकर आ रहे हैं, उसी कचरे में एंबुलेंस खड़ी कर रहे हैं। परिजन गंदगी के बीच गर्भवती महिलाओं को नीचे उतार रहे हैं और अस्पताल में लेकर जा रहे हैं।