शिक्षक की मौत की सूचना पर जुटी भीड़। स्रोत-सोशल मीडिया
पडरौना। सूदखोर की चंगुल में फंसे शिक्षामित्र ने ट्रेन के सामने कूदकर बुधवार की सुबह खुदकुशी कर ली। खुदकुशी करने से पूर्व शिक्षामित्र अपने सुसाइट नोट में ब्याज न देने पर हत्या की धमकी देने का आरोप एक व्यक्ति पर लगाया है। पुलिस पत्नी की तहरीर पर सूदखोर पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है। सोशल मीडिया पर सुसाइट नोट वायरल हो रहा है। इसकी पुष्टि संवाद न्यूज एजेंसी नहीं करती है।
अहिरौली थाना क्षेत्र के बलुआ मिश्र गांव निवासी शिक्षामित्र अश्वनी मिश्रा (45) अपने परिवार के साथ शहर के राजपूत कॉलोनी में किराए के मकान में रहते थे। बुधवार सुबह घर से रोज की तरह टहलने के लिए निकले। घरवालों को करीब नौ बजे सूचना मिली कि शहर के खड्डा मार्ग पर बने रेलवे फाटक के पास ट्रेन के सामने कूदकर अश्वनी ने खुदकुशी कर ली है। खुदकुशी करने से पहले अश्वनी ने छह पन्ने में सुसाइट नोट लिखकर शिक्षामित्र वाले व्हाट्सएप ग्रुप के अलावा अपने दोस्त, परिजन और पत्नी के व्हाट्सएप पर भेजा है। इसमें लिखा है कि पडरौना के रहने वाले घनश्याम वर्मा से उन्होंने कुछ रुपये लिए थे। जितना लिया था, उससे ज्यादा दे चूका हूं, लेकिन वह 10 प्रतिशत ब्याज जोड़कर और रुपये मांग रहे हैं। इसके लिए घनश्याम ने एक बार मारपीट भी की थी। वह अपने दो आदमियों से हमेशा मारने-पीटने तथा जान से मारने की धमकी देते थे। उनके डर से जान बचाकर इधर-उधर भागता रहता था। मोबाइल में उसकी सभी बातें रिकॉर्ड हैं। सूदखोर के हाथों मरने से बेहतर है कि स्वयं आत्महत्या कर लूं। अश्वनी ने अपने सुसाइड नोट में एक दूसरे व्यक्ति पर तीन लाख रुपये लेकर चेक देने और उसे बैंक में जमा करने पर बाउंस होने का जिक्र किया है। उससे रुपये दिलाने तथा एक शिक्षामित्र पर जमीन देने के लिए साढ़े चार लाख रुपये लेने का आरोप है। वह न तो जमीन दे रहा है और न ही रुपये वापस कर रहा है। पडरौना कोतवाली पुलिस शिक्षामित्र की पत्नी सुमन की तहरीर पर धनश्याम वर्मा पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
सीओ पडरौना डॉ. अजय सिंह ने कहा कि सूदखोर पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस इसकी जांच कर रही है। सुसाइट नोट के आधार पर साक्ष्य जुटाकर पुलिस आरोपी पर शिकंजा कसेगी।