पडरौना। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षा में कक्ष निरीक्षक की ड्यूटी नहीं करने वाले तीन शिक्षकों को बीएसए ने निलंबित कर दिया है। इसके अलावा एक अनुदेशक को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
यूपी बोर्ड की परीक्षा में बेसिक शिक्षा विभाग के कई शिक्षकों की ड्यूटी लगी है। बीएसए मनोज कुमार मिश्र के अनुसार कठकुइयां के रामनारायण इंटरमीडिएट कॉलेज में प्राथमिक विद्यालय मठिया टोला की सहायक अध्यापक नेहा मल्ल, प्राथमिक विद्यालय अधिकारी टोला के सहायक अध्यापक पीतांबर, प्राथमिक विद्यालय उमर खां टोला की सहायक अध्यापक विभा सिंह और पूर्व माध्यमिक विद्यालय बंगालीपट्टी के अनुदेशक भरत जैसवार की भी बोर्ड परीक्षा में ड्यूटी लगाई गई थी, लेकिन ये शिक्षक निर्धारित परीक्षा केंद्र पर कक्ष निरीक्षक की ड्यूटी के लिए नहीं पहुंचे। इसे शिक्षकों की लापरवाही मानते हुए बीएसए मनोज कुमार मिश्र ने सहायक अध्यापक नेहा मल्ल, पीतांबर और विभा सिंह को निलंबित कर दिया है, जबकि अनुदेेशक भरत जैसवार को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए एक सप्ताह के अंदर बीईओ पडरौना को स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया है।