पडरौना। शनिवार को बीआरसी परिसर में सहायक अध्यापक भर्ती 12460 की काउंसिलिंग के लिए आए अभ्यर्थियों ने बीएसए पर अनियमितता और एक अभ्यर्थी को मारने-पीटने का आरोप लगाते हुए मुख्य सड़क जाम कर दिया। बीएसए ने भी सरकारी कार्य में बाधा डालने और बलबा उत्पन्न करने का आरोप लगाकर कोतवाली में एफआईआर के लिए तहरीर दी है।
शनिवार को सुबह करीब 10 बजे से बीआरसी परिसर में सहायक अध्यापक भर्ती प्रक्रिया के तहत 12460 की काउंसिलिंग चल रही थी। शाम को करीब चार बजे वहां अचानक हंगामा होने लगा। यहां काउंसिलिंग कराने आए प्रशिक्षुओं ने बीएसए पर अनियमितता का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। नाराज अभ्यर्थियों ने कोतवाली रोड जाम कर नारेबाजी शुरू कर दी। वे निष्पक्ष जांच कर काउंसिलिंग प्रक्रिया पुन: शुरू कराने की मांग करने लगे। जामस्थल पर तहसीलदार, एसडीएम संजीव रंजन, सीओ सहित कई अधिकारी पहुंच गए। देर शाम तक चले मान मनौवल के बाद अभ्यर्थियों ने जाम समाप्त किया। काउंसिलिंग कराने आए आदर्श तिवारी, दीपक गुप्ता, राकेश कुमार, योगेश्वर पटेल, हरिनारायण तिवारी आदि बीटीसी प्रशिक्षुओं का कहना है कि वे सभी सुबह से अपनी काउंसिलिंग के लिए पहुंचे थे। शाम को करीब चार बजे बीएसए मनोज कुमार मिश्र आए और अचानक एक प्रशिक्षु को अपशब्द कहकर उसे पीटने लगे। इसके बाद उनके सहयोगियों ने भी स्टूल आदि लेकर अभ्यर्थियों पर हमला बोल दिया। उधर, बीएसए मनोज कुमार मिश्र का कहना है कि स्थानीय अभ्यर्थियों की तरफ से जनपद के बाहर से आए अभ्यर्थियों की काउंसिलिंग कराए जाने का विरोध कर उनके अभिलेख फाड़ने की कोशिश कर रहे थे। इससे सभी कर्मचारी भयभीत हो गए थे। समझाने के बाद भी नहीं मानने पर सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न करने व बलबा करने की तहरीर कोतवाली में दी गई है।