कोरोना टेस्ट के लिए सैंपल लेती स्थ्वास्थ्य कर्मी।
- फोटो : फाइल फोटो
पडरौना जिले में कोरोना संक्रमित मरीजों के मिलने का सिलसिला अभी जारी है। बुधवार को तीन व्यक्तियों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई। इनमें दो लोग पडरौना क्षेत्र के हैं। एक दुदही क्षेत्र का निवासी है। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने इन्हें कोविड गाइडलाइन का पालन करते हुए घर में रहने के लिए कहा है।
सीएमओ डॉ. सुरेश पटारिया ने बताया कि बुधवार को 1,130 लोगों के नमूने आरटीपीसीआर जांच के लिए भेजा गया। 1,230 लोगों के नमूनों की रिपोर्ट प्राप्त हुई। इनमें 1,227 निगेटिव और तीन पॉजिटिव केस हैं। संक्रमित मिलने वालों में पडरौना क्षेत्र के दो और दुदही का एक व्यक्ति है। सीएमओ ने बताया कि अब तक 933 लोग कोरोना से संक्रमित मिले, जिसमें 915 लोग स्वस्थ हुए हैं, जबकि 12 मरीजों की मौत हुई है।
मौजूदा समय में छह एक्टिव केस हैं। सीएमओ ने सभी लोगों से कोरोनारोधी टीका लगवाने की अपील की है। जिन लोगों को कोरोनारोधी टीके की दूसरी डोज लिए छह माह बीत चुके हैं, उनसे सतर्कता डोज लगवाने की अपील की है, ताकि ऐसे लोग कोरोना से सुरक्षित रह सकें।