पडरौना। जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में हुई। इस बैठक की अध्यक्षता डीएम ने की। इस बैठक में डीएम ने टीकाकरण, पल्स पोलियो अभियान सहित स्वास्थ्य विभाग के कई कार्यक्रमों की समीक्षा की। उन्होंने मोतीचक व तरयासुजान के चिकित्सा प्रभारियों को कार्य में लापरवाही मिलने पर फटकार लगाई। इसके अलावा फाजिलनगर, तरयासुजान और कप्तानगंज के चिकित्सा प्रभारी का वेतन रोकने का निर्देश दिया।
डीएम आंद्रा वामसी ने इंसेफेलाइटिस प्रभावित 138 गांवों में रणनीति बनाकर जागरूकता रैली निकालने में सहयोग के लिए प्रबुद्घजनों व विभिन्न संगठनों का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि इंसेफेलाइटिस प्रभावित गांवों को गोद लेने के बाद किट का वितरण कराया जाएगा। साथ ही इंसेफेलाइटिस से बचाव के लिए सुझाव लिया जाएगा।
डीएम ने इस जानलेवा बीमारी से बचाव के लिए 20 से 25 मार्च तक जागरुकता रैली निकालने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि इंसेफेलाइटिस प्रभावित गांवों को गोद लेने की जिम्मेदारी चीनी मिलों, सामाजिक संगठनों, निजी विद्यालयों और व्यापारिक संगठनों के लोगों की होगी। उन्होंने जिन गांवों में आशा कार्यकर्ताओं का पद रिक्त है, वहां 15 मार्च तक नियुक्ति करने का निर्देश दिया। उन्होंने सीएचसी-पीएचसी की रंगाई पुताई कराने के लिए सीएमओ को निर्देशित किया।
बैठक में सीएमओ डॉ. अखिलेश कुमार सहित सभी एसीएमओ, डीआईओ, सीएचसी व पीएचसी प्रभारी तथा जिला कार्यक्रम प्रबंधक मौजूद थे।