रविवार को कसया थाना क्षेत्र में हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में ती लोगों की मौत हो गई, जबकि आठ लोग घायल हो गए। सभी घायलों को कसया सीएचसी से प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। इस हादसे में चार घायल एक ही परिवार के थे और रिश्तेदारी से लौट रहे थे।
दिन करीब दो बजे सिसवा महंथ चौराहे पर तरकुलवा के तरफ जा रहा टैंपो सामने से आ रहे ट्रक से टकरा गया। इस हादसे में टैंपो में सवार विशुनपुरा थानाक्षेत्र के ठाढ़ीभार गांव निवासी 40 वर्षीय लालजी पुत्र रघुनाथ की मौत हो गई। इसके अलावा लालजी की पत्नी 35 वर्षीया सुगंती व पुत्रियां सात वर्षीया रीता व पांच वर्षीया निशा तथा 14 वर्षीय पुत्र अशोक तथा फकरिहवां निवासी ममता समेत नौ लोग घायल हो गए। सभी घायलों को जिला अस्पताल भेजा गया जहां देर शाम ममता की भी मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक का चालक फरार हो गया।
दूसरी घटना फोरलेन पर कसया कस्बे से सटे गोपालगढ़ तिराहे पर हुई। यहां कसया थाना क्षेत्र के परसहवा गांव निवासी 66 वर्षीय शिवनाथ शर्मा मल्लूडीह के तरफ से साइकिल से कसया आ रहे थे। सामने से आ रहे वाहन की चपेट में आ गए। गंभीर रूप से घायल शिवनाथ को लोगों कसया सीएचसी पहुंचाया। इलाज के दौरान शिवनाथ की मौत हो गई।