बनकटा बाजार। चौरा खास थाना क्षेत्र के नारायणपुर कोठी के पास शनिवार की सुबह एक टेंपो और बाइक में टक्कर हो गई। इसमें बाइक सवार लड़के और एक राहगीर समेत तीन लोग घायल हो गए। मौजूद लोगों ने घायलों को फाजिलनगर सीएचसी भेजवाया, जहां घायलों की हालत गंभीर देख डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार कर दो घायलों को मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया।
देवरिया जिले के बघौचघाट थाना क्षेत्र के गोपलहीं निवासी सत्यम चौरसिया (16) बाइक से विद्यालय पढ़ने जा रहे थे। उसी विद्यालय में पढ़ने जा रहे चौरा खास थाना के ग्राम पंचायत शंकर पटखौली निवासी आदर्श बर्नवाल (12) को नारायण कोठी गांव के पास उन्होंने बाइक पर बैठा लिया। अभी वे वहां से कुछ दूर आगे बढ़े ही थे कि फाजिलनगर की तरफ से आ रहे एक टेंपो से टक्कर हो गई। इससे बाइक सवार सत्यम और आदर्श के अलावा पैदल जा रहे नारायणपुर कोठी गांव निवासी तबारक हुसैन (35) गंभीर रूप से घायल हो गए। लोगों ने घायलों को फाजिलनगर सीएचसी भेजवाया, जहां डॉक्टर ने सत्यम और आदर्श को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।