गिरफ्तार आरोपी। स्रोत-सोशल मीडिया
कप्तानगंज। कस्बे के मंगल बाजार में सूजा पठान के घर फायरिंग करने वाले आरोपी सभासद संजय पटेल के गैंग से जुड़े तीन गुर्गों को पुलिस ने घुघली जाने वाले डीसीएफ चौक से थार वाहन के साथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के पास से भारतीय के साथ नेपाली करेंसी बरामद हुई है।
फायरिंग की घटना के बाद से आरोपी सभासद को लखनऊ, गोरखपुर और नेपाल तक पहुंचाने में तीनों का सहयोग रहा और थार गाड़ी का इस्तेमाल किया गया। सूत्रों के अनुसार नेपाल में छिपे हिस्ट्रीशीटर सभासद की गिरफ्तारी के लिए पुलिस प्रयास कर रही है। कप्तानगंज कस्बे के मंगल बाजार वार्ड नंबर 11 आर्य समाज मंदिर निवासी हिस्ट्रीशीटर सूजा पठान के घर 12 जनवरी की रात को बाइक सवार नकाबपोश बदमाशों ने फायरिंग कर दहशत फैला दिया था। सूजा पठान के पिता मुस्ताक की तहरीर पर पुलिस ने नौ लोगों पर गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज किया था। घटना के बाद पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। फरार चल रहे हिस्ट्रीशीटर सभासद संजय पटेल, आसिफ अली, आदित्य सिंह, ऋषभ सिंह की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।
पुलिस के अनुसार फायरिंग की घटना के बाद कप्तानगंज कस्बे के रहने वाले अवतार पांडेय, आकाश गिरी, महराजगंज जिले के घुघली थाना क्षेत्र के चौमुखा गांव निवासी शिवशिक्त उपाध्याय को पुलिस ने घुघली मार्ग पर डीसीएफ चौक से बृहस्पतिवार को गिरफ्तार कर लिया। तीनों आरोपी संजय पटेल के गैंग में काम करते हैं। नेपाल बार्डर से लेकर लखनऊ, गोरखपुर में आरोपी सभासद के साथ तीनों आरोपी थार के साथ सीसीटीवी कैमरे के फुटेज में दिखे हैं। थानाध्यक्ष कप्तानगंज दीपक कुमार सिंह ने बताया कि गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपी मास्टरमाइंड सभासद संजय पटेल के गैंग में शामिल हैं। फायरिंग की वारदात के बाद थार जीप से आरोपी सभासद को नेपाल तक ले जाने में तीनों का सहयोग रहा है। साक्ष्य के आधार पर तीनों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।