अहिरौली बाजार (कुशीनगर)। भलुही गांव में सड़क हादसे के दूसरे दिन भी मातम पसरा रहा। एक साथ छह लोगों की मौत से कई परिवार उजड़ गए। किसी ने पिता तो किसी ने बेटा और भाई खोया। हादसे ने तीन पीढ़ियों को एक साथ अपनों की मौत का गम दे दिया है। मंगलवार को पीड़ित परिवारों को सांत्वना देने वालों का तांता लगा रहा। भलुही गांव के सड़क हादसे में छह लोगों की मौत के बाद मंगलवार को भी पीड़ित परिवारों के घरों में चीख-पुकार मची रही। घरों के भीतर से महिलाओं की सिसकियां रात के सन्नाटे को चीरती रहीं। पिता और भाई को खोने वालों की आंखों से आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। बड़े हों या छोटे, हर चेहरे पर अपनों को खोने का गम साफ दिखाई दे रहा था।
दिनभर पीड़ित परिवारों को सांत्वना देने वालों का तांता लगने के बावजूद अपनों को खोने का दर्द कम नहीं हो रहा था। कप्तानगंज क्षेत्र के भलुही गांव के आठ लोग रविवार रात करीब साढ़े 11 बजे वैन से हाटा कोतवाली क्षेत्र के देवड़ार पिपरा गांव में आयोजित तिलक समारोह से घर लौट रहे थे। हाटा-पिपराइच मार्ग पर थरुआडीह मोहल्ले के पास सामने से आ रहे ट्रेलर से वैन की टक्कर हो गई। हादसे में वैन चालक समेत छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक बच्चा और एक किशोर गंभीर रूप से घायल हो गए।
एक ही गांव के छह लोगों की मौत ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। इस हादसे ने एक ही परिवार की तीन पीढ़ियों को गहरे जख्म दिए। रामविलास भारती (65), उनके बेटे कन्हैया गौतम (40) और राममिलन (35) की एक साथ मौत हो गई। सोमवार को राम-जानकी घाट पर तीनों की अलग-अलग चिताएं सजीं।
राम विलास के सबसे छोटे बेटे एसएसबी के जवान रवि प्रताप गौतम ने अपने पिता और भाइयों को मुखाग्नि दी तो वहां मौजूद लोगों की आंखें भर आईं। रवि की साली के तिलक समारोह में ही शामिल होने के लिए लोग गए हुए थे। लौटते समय हादसा हो गया।
हादसे में मृदुल मिश्रा (37) की भी हादसे में मौत हो गई। उनकी चिता को पांच वर्षीय बेटे रुद्रांश ने मुखाग्नि दी। मासूम के हाथों पिता को अंतिम विदाई देने का दृश्य देखकर घाट पर मौजूद लोगों का कलेजा कांप उठा। चार लोगों का अंतिम संस्कार सोमवार देर रात तक हुआ।
वहीं, हादसे में जान गंवाने वाले सीआरपीएफ जवान रंजय गुप्ता के परिजन विभागीय अधिकारियों और जवानों के आने का इंतजार कर रहे थे। वैन चालक मिथिलेश गुप्ता के घर पर भी अपनों के लौटने की प्रतीक्षा थी। उनके बड़े भाई संगम गुप्ता छत्तीसगढ़ में थे, जबकि पिता दुबई में रहते हैं। दोनों के आने के बाद मंगलवार को शवों का अंतिम संस्कार किया गया।