फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kushinagar News: कुशीनगर में 68 साल से रह रहे पाकिस्तानी नागरिक समेत तीन गिरफ्तार

विज्ञापन
गिरफ्तार पाक नागरिक व अन्य आरोपी। स्रोत-सोशल मीडिया 
विज्ञापन
कुशीनगर। पटहेरवा थाना क्षेत्र के गगलवा चैन पट्टी गांव में 68 साल से रह रहे पाकिस्तानी नागरिक सेराजुल हक को पुलिस ने बुधवार को गिरफ्तार किया। सेराजुल का आधार कार्ड, पैन कार्ड और वोटर आईडी बनवाने के आरोप में सीएचसी संचालक समेत तीन जालसाजों पर केस दर्ज किया है। पुलिस ने इनमें दो को दबोच लिया है। पुलिस की ओर से कराए जा रहे सत्यापन में लांग टर्म वीजा (एलटीवी) पर आकर अवैध तरीके से रह रहा पाकिस्तानी नागरिक पकड़ा गया। उसके संपर्क में रहने वालों के बारे में पुलिस पता लगा रही है।
विज्ञापन




पुलिस के अनुसार पूर्वी पाकिस्तान के चटगांव का रहने वाला सेराजुल हक छह वर्ष की उम्र में अपनी मां कुलसुम खातून के साथ लांग टर्म वीजा पर 11 अप्रैल वर्ष 1957 को कुशीनगर आया था। उसकी मां की मौत हो चुकी है। बाद में सेराजुल ने फर्जी तरीके से कुशीनगर के पते पर आधार कार्ड, पैन कार्ड, वोटर आईडी और आयुष्मान कार्ड तक बनवा लिया था। इन्हीं दस्तावेज के आधार पर पहचान छिपाकर वह यहां रह रहा था। पुलिस की जांच में पता चला कि पटहेरवा क्षेत्र के कुचिया पिपरा के रहने वाले चांद अख्तर ने सेराजुल का पैन कार्ड बनवाया था। वहीं नगर पंचायत दुदही के वार्ड नंबर छह एपीजे अब्दुल कलाम नगर निवासी सीएससी संचालक शब्बीर आजम और गोरखपुर जिले के झंगहा निवासी शेख सूबेदार ने मिलकर सेराजुल के अन्य दस्तावेज तैयार कराए थे।

इन तीनों के खिलाफ भी पुलिस ने केस दर्ज किया है। सेराजुल के साथ ही चांद अख्तर और शब्बीर आजम को गिरफ्तार कर लिया गया है। इनके खिलाफ धारा 17 नागरिकता अधिनियम, 318(2)/336(3)/338/340(2)/3(5) बीएनएस और 14ए विदेशी अधिनियम में केस दर्ज किया गया है।झंगहा क्षेत्र के जंगल रसूल पठान के रहने वाले शेख सूबेदार की पुलिस तलाश कर रही है। उसके खिलाफ पूर्व में धोखाधड़ी का केस दर्ज है। उसका आरोप पत्र भी गोरखपुर पुलिस ने कोर्ट में पेश कर दिया है।
विज्ञापन




वीजा के लिए बनवाए फर्जी दस्तावेज

वर्तमान समय में पुराने सभी एलटीवी को सरकार ने निरस्त कर दिया है और नया पोर्टल जारी किया है और एलटीवी के लिए आवेदन के निर्देश दिए हैं। सेराजुल हक 11 अप्रैल 1957 को अपनी मां कुलसुम खातून के साथ 16 मई वर्ष 1954 में जारी पासपोर्ट संख्या 586949 और वीजा संख्या-बी-323040 पर तत्कालीन पूर्वी पाकिस्तान से राधिका नगर चेक पोस्ट के रास्ते भारत में प्रवेश किया था और कुशीनगर आया था। तभी से लांग टर्म वीजा पर रह रहा था। वीजा निरस्त होने पर नए पोर्टल पर आवेदन के लिए उसने आधार कार्ड, पैन कार्ड समेत अन्य दस्तावेज तैयार कराए।

एसपी कुशीनगर संतोष कुमार मिश्रा ने कहा कि पाकिस्तानी नागरिक लांग टर्म वीजा पर कुशीनगर आया था। वर्ष 2023 में उसका वीजा रिन्युअल नहीं हुआ। जांच में पता चला कि अवैध तरीके से कुशीनगर में रह रहा पाकिस्तानी नागरिक फर्जी आधार कार्ड, पैन कार्ड, राशन कार्ड और आयुष्मान कार्ड बनवाकर लाभ ले रहा था। आयुष्मान कार्ड पर उसने इलाज भी कराया है। पाकिस्तानी नागरिक और दो जालसाजों को गिरफ्तार कर लिया गया है। एक अन्य की तलाश की जा रही है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें