देश को आंख दिखाने वाले को अब नहीं छोड़ा जाता : राजनाथ
तमकुहीराज (कुशीनगर)। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि देश को आंख दिखाने वाले को अब नहीं छोड़ा जाता है। देश की जनता यह विश्वास करे कि हम भारत माता के मस्तक को कभी नीचा नहीं होने देंगे।
वह बृहस्पतिवार को तमकुहीराज विधानसभा क्षेत्र के रामलीला मैदान में एनडीए गठबंधन के प्रत्याशी डॉ. असीम कुमार के समर्थन में जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होेंने कहा कि देश की एकता व अखंडता के लिए देश व प्रदेश में भाजपा सरकार जरूरी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रदेश की योगी सरकार ने विकास के कई काम किए हैं। उन्होंने केंद्र व प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि किसान सम्मान निधि सहित तमाम योजनाओं का लाभ सीधे किसानों व आम जनता को मिल रहा है। उन्होंने उज्ज्वला योजना का जिक्र कर महिलाओं को प्रभावित करने का प्रयास किया। कांग्रेस, सपा व बसपा का जिक्र करते हुए कहा कि उनके कथनी व करनी में काफी अंतर रहा है।
जनसभा को देवरिया के सांसद डॉ. रमापति राम त्रिपाठी, जगदीश मिश्र, अरविंद मेमन, डॉ. पीके राय, नंदकिशोर मिश्र, अजय तिवारी, अपना दल के जिलाध्यक्ष विनोद सिंह पटेल आदि ने संबोधित किया।
इस दौरान निषाद पार्टी के जिलाध्यक्ष देवमणि निषाद, विजय दूबे, केशव पांडेय, अतुल श्रीवास्तव, ओसियर सिंह, विनोद सिंह राजपूत, ब्लॉक प्रमुख वशिष्ठ कुमार राय उर्फ गुड्डू राय, राजेश पांडेय आदि मौजूद रहे।