खड्डा। खड्डा ब्लॉक में आधारभूत साक्षरता एवं संख्यात्मक ज्ञान (एफएलएन) प्रशिक्षण के तीसरे बैच का पांच दिवसीय प्रशिक्षण बुधवार से शुरू हो गया। खंड विकास कार्यालय सभागार में चल रहे प्रशिक्षण में करीब 100 शिक्षकों को दो कक्षों में विभाजित कर प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
प्रशिक्षण के प्रथम दिन खंड शिक्षा अधिकारी राजेश कुमार प्रजापति ने प्रशिक्षण स्थल पहुंचकर व्यवस्थाओं और प्रशिक्षण गतिविधियों का निरीक्षण किया। कक्ष संख्या-1 में संदर्भदाता संजीव कुमार श्रीवास्तव, कुंवर प्रताप गुप्त एवं मनोज कुमार तथा कक्ष संख्या-2 में संजय सिंह, राजेश चौहान एवं शैलेश कुमार ने प्रशिक्षण का संचालन किया।
प्रशिक्षण के दौरान शिक्षकों को आधारभूत साक्षरता एवं संख्यात्मक ज्ञान कार्यक्रम के अंतर्गत उपलब्ध शिक्षण सामग्री, गतिविधि आधारित शिक्षण पद्धति तथा कक्षा एक से पांच तक के विद्यार्थियों में भाषा और गणितीय दक्षता विकसित करने के तरीकों की जानकारी दी गई।