सलेमपुर। कुशीनगर जिले में तैनात एक दरोगा के घर का ताला अज्ञात बदमाशों ने डेढ़ लाख रुपये समेत जेवरात उड़ा ले गए। सुबह गेट खुला देख आसपास के लोगों ने इसकी जानकारी दरोगा को दी।
सूचना पर जब दरोगा की पत्नी घर पहुंची तो गेट और दरवाजा का ताला टूटा देख होश उड़ गए। चोरी की सूचना पर सीओ के साथ कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंचकर घटना के बारे में जानकारी ली। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों को खंगालने के साथ ही लोगों से पूछताछ भी की। दरोगा की पत्नी कल्पना शाह की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
लार थाना क्षेत्र के ठाकुर गौरी गांव निवासी दिनेश कुमार कुशीनगर जिले में दरोगा के पद पर कार्यरत हैं। नगर के वार्ड नंबर तीन भठवां धरमपुर में मकान बनवाकर कल्पना और बेटों के साथ रहते हैं। दीपावली का त्योहार निपटाकर उनकी पत्नी बेटों को लेकर मंगलवार को अपने मायके भटनी के नूरीगंज चली गईं।
घर का ताला बंद देख बदमाशों ने गेट का ताला तोड़कर घर के अंदर घुस गए और घर के अंदर रखे आलमारी से डेढ़ लाख रुपये नकद और सोने की चेन, सोने का झाला, दो अंगूठी, मंगलसूत्र व अन्य जेवर उड़ा ले गए।
घर का ताला टूटा देख पड़ोसियों ने दरोगा को सूचना दी। दरोगा ने अपनी पत्नी को फोन कर तत्काल घर पहुंचने को कहा। घर के अंदर सारा सामान फर्श पर बिखरा पड़ा था। आलमारी से अन्य वस्तुएं भी गायब थीं। उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
मामले को गंभीरता से लेते हुए सीओ मनोज कुमार, कोतवाल महेंद्र कुमार चतुर्वेदी ने फॉरेंसिक टीम के साथ पहुंचे और घटना स्थल का निरीक्षण किया। सीओ मनोज कुमार ने बताया कि चोरी की घटना की शिकायत पर मौके का निरीक्षण किया गया है। मामले में अज्ञात चोर के विरुद्ध केस दर्ज कर लिया गया है। अगल-बगल लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है।