हाटा कोतवाली के मोतीपाकड़ श्रीकांत चौराहे पर स्थित एक बड़ौदा बैंक की शाखा में घुसे चोरों ने अंदर रखीं आलमारियों को तोड़ कर उसमें रखे कागजातों को तितर-बितर कर दिया। घटना की जानकारी सुबह तब हुई, जब मकान मालिक ने टूटा हुआ रोशनदान देख कर शाखा प्रबंधक को फोन किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन की और लौट गई।
सोमवार की सुबह मकान मालिक ने देखा कि बैंक में रोशनी के लगाया गया एक जंगला टूटा हुआ है। इस पर उन्हें शक हुआ तो उन्होंने शाखा प्रबंधक को फोन पर इसकी जानकारी दी। शाखा प्रबंधक ने पहुंच कर जब शटर खोलवाया तो देखा कि पूरे परिसर में कागजात बिखरे पड़े हुए थे। शाखा अंदर पहुंचने पर पता चला कि बैंक की आलमारियों को तोड़ कर उसके रखे कागजातों को इधर-उधर कर फेंका गया है। हालांकि शाखा के कैश रूम को कोई नुकसान नहीं पहुंचा था। इस लिए बैंक का कैश सुरक्षित था। शाखा प्रबंधक ने पुलिस को सूचना देने के साथ तहरीर भी दे दी है। इस संबंध में एसएसआई भीम यादव ने बताया कि घटना की जानकारी के बाद मौके पर पहुंच छानबीन की गई है। चोरों के खिलाफ केस दर्ज कर उनकी तलाश की जा रही है।