बोदरवार रेलवे ढाले के पास एक खेत में सोमवार की सुबह एक अधेड़ महिला का सरसों के डंठल के नीचे छिपाया गया शव मिला। महिला की पहचान वहीं की रहने वाली बिंदू चौहान के रूप में हुई। महिला के सिर पर धारदार हथियार से किए गए वार के कई निशान थे।
सोमवार की सुबह करीब 11 बजे कुछ लोग बोदरवार रेलवे ढाला के पास खेत की ओर गए हुए थे। एक खेत में रखे सरसों के डंठल के नीचे एक हाथ दिखाई दिया। लोगों ने शोर मचाया तो और भी लोग वहां जुट गए। सूचना मिलने पर बोदरवार चौकी इंजार्च भी मौके पर पहुंचे और सरसों के डंठलों को हटवाया तो वहां एक महिला का शव पड़ा हुआ था। महिला की पहचान वहीं पास में रहने वाली 48 वर्षीय बिंदू चौहान के रूप में हुई।
महिला का गला मफलर से बंधा हुआ था और उसके सिर पर धारदार हथियार से वार करने के कई निशान थे। घटनास्थल पर काफी खून भी गिरा हुआ था। पास में ही एक धारदार हथियार और चप्पल पड़ी हुई थी। आस-पास के लोगों ने बताया कि महिला अपने घर पर अकेले ही रहती थी। उसके पति की काफी पहले मौत हो चुकी थी। उसका बेटा कहीं बाहर रहता है और बेटी की शादी हो चुकी थी।
पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से मुआयाना किया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम लिए भेज दिया। इस संबंध में बोदरवार चौकी इंजार्ज शंभू सिंह ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। जिसका शव मिला है, उसकी बेटी आई है। तहरीर अभी नहीं मिली है।