भड़कुलवा चौराहे पर स्थित पीएनबी बैंक गेट पर शुक्रवार की सुबह कैश नहीं होने की सूचना चस्पा होते ही वहां मौजूद महिलाएं भड़क गई। महिलाओं ने बैंक के सामने ही फोरलेन जाम कर दिया। हाटा कोतवाली पुलिस ने महिलाओं को समझा बुझाकर जाम समाप्त कराया।
भडकुलवा चौराहे पर पंजाब नेेशनल बैंक की शाखा है। शुक्रवार की सुबह से ही बैंक पर रुपया निकालने वालों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी। लोग लाइन लगा कर बैंक खुलने का इंतजार कर रहे थे। बैंक कर्मचारियों के पहुंचने के बाद गेट पर कैश नहीं होने की सूचना चस्पा कर दी गई। सूचना देखते ही वहा लाइन में लगी बड़ी संख्या में महिलाएं भड़क गईं। नाराज महिलाओं ने बैंक कर्मियों को अपशब्द भी कहे। उनका कहना था कि कैश न होने की सूचना पहले ही चस्पा की जानी चाहिए थी। महिलाओं ने नारेबाजी करते हुए हाइवे जाम कर दिया। बैंक कर्मचारियों ने पुलिस को सूचना दी। हाटा कोतवाली पुलिस ने पहुंच कर जल्दी ही भुगतान कराने का आश्वासन देकर जाम खत्म कराया। करीब आधे घंटे तक एनएच जाम रहा। करीब एक घंटे बाद बैंक कर्मचारियों ने रुपये मंगा कर वितरण शुरू किया।