पडरौना। लोकसभा चुनाव के सातवे चरण में शनिवार को कुशीनगर में लोगों ने मतदान किया। बूथों पर सुबह मतदाताओं में उत्साह देखने को मिला। सुबह छह बजे से ही लोग बूथ पर पहुंच गए और मतदान के लिए लाइन में खड़े हो गए। सुबह सात बजे से लेकर दिन के 10 बजे तक मतदान प्रतिशत में जबरदस्त उछाल देखने को मिला। लेकिन, दोपहर होते ही शहर के लगभग सभी बूथों पर सन्नाटा पसर गया। दोपहर बाद जब सूरज की तपिश कम हुई तो एक बार फिर मतदाता घरों से बाहर निकले और बूथों पर पहुंच अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इससे दोपहर बाद तीन से लेकर छह बजे तक फिर मतदान प्रतिशत में वृद्धि दर्ज की गई। वहीं, शहर के कुछ बूथों पर सुबह मॉकपोल में हुई देरी के कारण विलंब से मतदान शुरू हो सका।
शनिवार की सुबह सात बजे शहर के यूएनपीजी कॉलेज के बूथ संख्या 275 पर मतदान करने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे थे। लोगों की बढ़ती भीड़ के कारण महिला व पुरुष मतदाताओं की अलग-अलग लाइनें लगीं थीं। यहां लाइन में खड़े रहे सूर्यप्रकाश शर्मा, शशांक मालवीय, रवि साहा, विकास गुप्ता और विवेक सिंह ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इन लोगों ने बताया कि सुबह मौसम ठंडा होने की वजह से उन्हें वोट डालने में कोई दिक्कत नहीं हुई। यह सभी अपने परिवार के सदस्यों के साथ वोट डालने आये थे। सुबह आठ बजे साहबगंज मोहल्ला के उच्च प्राथमिक विद्यालय में भी मतदाताओं की अच्छी खांसी भीड़ देखने को मिली। यहां पुरुष मतदाताओं के सापेक्ष महिलाओं की संख्या अधिक रही। गोस्वामी तुलसीदास इंटर कॉलेज में सुबह नौ बजे पांचों बूथ पर मतदाताओं की लाइनें लगी रहीं। आंबेडकरनगर, तिलकनगर समेत तीन अन्य मोहल्लों के मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। सुबह 9:30 बजे राजकीय कन्या इंटर कॉलेज में बने बूथ पर साहबगंज, आवास विकास कॉलोनी और तुलसीनगर के मतदाताओं ने मतदान किया। यहां मतदाताओं की संख्या सुबह से ही कम रही। जूनियर हाईस्कूल में बने बूथ पर गांधीनगर, गुदरी बाजार व जयप्रकाश नगर के लोगों ने मताधिकार का प्रयोग किया। इन सभी बूथों पर दिन के 11 बजे तक मतदान की स्थिति ठीक रही, लेकिन जैसे-जैसे सूरज की तपिश बढ़ती गई तो बूथों पर सन्नाटा पसरने लगे। दोपहर 12 बजे शहर के लगभग सभी बूथ खाली हो चुके थे। पीठासीन समेत चुनाव कार्य में लगे कार्मिक मतदाताओं के आने का इंतजार करने लगे। दोपहर बाद करीब तीन बजे से एक बार फिर सभी बूथ वोटरों से गुलजार हो गए। इससे मतदान प्रतिशत दोपहर बाद फिर बढ़ने लगा।