उजारनाथ। पटहेरवा थाना क्षेत्र के गांव अमरवा बुजुर्ग में आई बरात में जयमाला के दौरान महिलाओं की फोटो खींचने को लेकर बराती व घराती आपस में भिड़ गए और जमकर मारपीट हुई। दोनों पक्ष के कई लोग घायल हुए लेकिन मौके पर पीआरवी पुलिस पहुंच गई और दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर शादी की रस्म पूरा कराई। घटना क्षेत्र में चर्चा की विषय बना हुआ है। दोनों पक्षों में से किसी ने पुलिस को तहरीर नहीं दी है।
जानकारी के अनुसार पटहेरवा खास से एक रौनियार परिवार के लड़के की बरात पटहेरवा थाना क्षेत्र के गांव अमरवा बुजुर्ग में गई थी। आर्केस्ट्रा के इंतजार में बरात बहुत देर से लड़की के दरवाजे पर पहुंची और द्वार पूजा कराते-कराते रात बारह बज गए। दूसरी ओर लड़की पक्ष के लोग शादी कार्यक्रम में देरी होने की शिकायत बार-बार लड़का पक्ष से कर रहे थे, लेकिन आर्केस्ट्रा में डांस करने में मस्त बाराती बात अनसुनी कर गए। रात करीब एक बजे जयमाला कार्यक्रम में दूल्हा व दुल्हन के मंच पर पहुंचने के बाद फोटो खींचने की होड़ बरातियों में लग गई। इससे कार्यक्रम में और विलंब हो गया। इससे नाराज घरातियों ने मंच पर फोटो व वीडियो बना रहे सभी बरातियों को मंच से नीचे उतरने को कहा और इसी बात को लेकर दोनों पक्ष में कहासुनी होने लगी और कहासुनी मारपीट में बदल गई। लेकिन इसी दरम्यान पास के चौराहे पर खड़ी पीआरवी पुलिस को इसकी सूचना दे दी। पुलिस मौके पर पहुंच कर दोनों पक्षों को समझा बुझाकर शांत किया और अपनी मौजूदगी में शादी की रस्म अदा कराई। थाना प्रभारी विनय कुमार मिश्र ने बताया कि इस तरह की कोई सूचना नहीं है। दोनों पक्ष ने कोई तहरीर भी नहीं दी है।