तिवारीपट्टी। दुदही विकास के रकबा दुलमा पट्टी में क्षेत्र पंचायत से चल रहे मनरेगा से सड़क पर मिट्टी भरने के काम में शनिवार को बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया।
दुदही ब्लॉक के रकबा दुलमा पट्टी गांव में अंसारी टोला मदरसा के पास से मनी प्रसाद के घर तक सड़क पर मिट्टी भरने का काम चल रहा है। 50 मजदूरों की जगह सिर्फ 10 मजदूरों का फोटो मनरेगा के वेबसाइट पर अपलोड की गई।
इन 10 महिलाओं की फोटो एक सप्ताह से लगातार फोटो मनरेगा की वेबसाइट पर अपलोड की जा रही है। इसकी आईडी 3172014/ld/ 958486255824763415 है। इस साइट पर 50 मजदूरों का मस्टररोल निकाला गया है। इसमें 35 पुरुष और 15 महिला मजदूर हैं। इस कार्य पर 3,55,026 रुपये भुगतान भी हो चुका है।
बीडीओ दुदही रामराज कुशवाहा ने बताया कि इसे तत्काल देखता हूं। मामले की जांच कराई जाएगी। अगर फर्जीवाड़ा मिलता है तो कार्रवाई की जाएगी।