कलेक्ट्रेट गेट पर अनशन कर रही गड़ुलहां गांव के निवासी पाना देवी के समर्थन में जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन करते साहू समाज के लोग।
- फोटो : अमर उजाला
पडरौना। 16 मई को डीएम कार्यालय के सामने आमरण अनशन के दौरान आत्मदाह का प्रयास करने वाली पाना देवी ने कोर्ट के आदेश पर छूटने के बाद बुधवार को फिर अनशन शुरू कर दिया। कलेक्ट्रेट के बाहर अनशन कर रही पाना देवी के समर्थन में साहू समाज ने प्रदर्शन कर डीएम को ज्ञापन दिया।
इस संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि 22 मई तक उसकी जमीन से कब्जा नहीं हटवाया गया तो अगले दिन से बेमियादी अनशन किया जाएगा। कप्तानगंज तहसील क्षेत्र के गडुलहा गांव की निवासी पाना देवी बैनामा ली गई अपनी जमीन पर कब्जा पाने के लिए कई बार धरना प्रदर्शन और अनशन कर चुकी हैं।
लेकिन अधिकारियों का आश्वासन मिलने के बाद भी कब्जा नहीं हटवाया जाता है। सात दिन तक कलेक्ट्रेट के बाहर आमरण अनशन के बाद भी जब कोई सुनवाई नहीं हुई तो उन्हाेंने सोमवार को कलेक्ट्रेट के बाहर अनशनस्थल पर ही अपने ऊपर किरासिन गिराकर आत्मदाह की कोशिश की थीं।
उसके बाद पुलिस ने उनका चालान कर दिया था। न्यायालय के आदेश पर छूटकर आने के बाद उन्होंने बुधवार को कलेक्ट्रेट के बाहर फिर अनशन शुरू कर दिया।
उनके समर्थन में साहू समाज के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रामनरेश साहू, जिलाध्यक्ष इंद्रेश साहू, छोटेलाल साहू, श्रीकांत साहू, अमरजीत, बृजबिहारी, ओमप्रकाश साहू, विंध्याचल साहू सहित कई लोगाें ने कलेक्ट्रेट में पुलिस और प्रशासन के विरुद्ध नारे लगाए। इन लोगों ने पाना देवी की जमीन से कब्जा हटवाने की मांग की।