कुबेरस्थान क्षेत्र के एक घर में चोरी की सूचना पर पहुंचे एसओ।
- फोटो : KUSHINAGAR
बंद घर का ताला तोड़कर गहने व कीमती सामान चोरी
अमर उजाला ब्यूरो
कुबेरस्थान। थाना क्षेत्र के कोहरवलिया गांव निवासी राणा प्रताप मल्ल के घर के शटर का ताला तोड़कर बीती रात घर में घुसे चोरों ने कमरे में रखे कीमती गहने तथा अन्य सामान उठा ले गए। बुधवार से ही पीड़ित की पत्नी घर में ताला बंद कर जनकपुरधाम पर गई हैं। परिवार के अन्य सदस्य भी पहले से बाहर रहते हैं।
कोहरवलिया गांव निवासी राणाप्रताप मल्ल तथा उनके एकलौते पुत्र मनीष दोनों लोग विदेश में रहते हैं। जबकि उनकी एकलौती बेटी निभा आगरा में मेडिकल की पढ़ाई करती है। घर पर उनकी पत्नी निर्मती देवी अकेले रहती हैं। बीते बुधवार से ही निर्मती देवी अपने घर में ताला बंद कर गांव के अन्य लोगों के साथ बस से जनकपुर धाम गई हैं। घर में ताला बंद है। बृहस्पतिवार की रात मुख्य दरवाजे पर लगे शटर का ताला तोड़कर अलमारी में रखे बेटी की सगाई में मिले गहने तथा अन्य सामान चोरी हो गए। घटना की जानकारी शुक्रवार की सुबह तब हुई जब उनके कोई रिश्तेदार उनके दरवाजे पर पहुंचे तो मुख्य दरवाजे पर लगा शटर खुला हुआ था और शटर में लगा ताला बगल में टूटा पड़ा था। उन्होंने अगल-बगल के लोगों को बताया तो आसपास के लोग भी घर में गए। जहां कमरे के फर्श पर गहने के कई खाली डिब्बे तथा कपड़े बिखरे पड़े थे। पीड़ित के रिश्तेदार ने स्थानीय पुलिस को सूचना दी। एसओ कुबेरस्थान मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल की।
एसओ अरविंद कुमार का कहना है कि पीड़ित परिवार के रिश्तेदार की सूचना पर पुलिस मौके पर गयी थी लेकिन अभी तक कोई लिखित तहरीर नहीं मिली है। फिलहाल स्थानीय पुलिस अग्रिम कार्रवाई में जुटी हुई है।