पडरौना। रामकोला थाना क्षेत्र के एक गांव का युवक बृहस्पतिवार की देर रात पडरौना कोतवाली थाना क्षेत्र की प्रेमिका के घर मिलने पहुंच गया। आहट पर जागे घर वालों ने दोनों को घर के अंदर ही पकड़ लिया। घर वालों ने युवक को घर में ही बैठाए रखा। सुबह सूचना पर पहुंचे प्रेमी के घर वाले और प्रेमिका के परिजनों के राजी होने पर दोनों की शादी कर दी गई।
पडरौना कोतवाली थाना क्षेत्र के एक गांव की युवती से युवक बृहस्पतिवार की रात मिलने उसके घर पहुंच गया। गांव के ग्राम प्रधान ने बताया कि युवती के बुलाने पर रामकोला थाना क्षेत्र के एक गांव का उसका रिश्तेदार युवक मिलने उसके घर गया था। घर वालों ने दोनों को कमरे में पकड़ लिया। युवती के घर वालों ने उसको बैठा लिया। उसके बाद रिश्तेदारों को फोन करके युवक की हरकतों के बारे में बताया और घर आने के लिए कहा। शुक्रवार की सुबह युवक के परिजन अपने कुछ रिश्तेदारों को लेकर पहुंचे। गांव के प्रधान ने बताया कि चूंकि दोनों बालिग हैं, रिश्तेदार हैं और एक ही बिरादरी के हैं। परिजनों ने दोनों का निकाह कराने का फैसला किया। थोड़ी ही देर में निकाह की रस्म पूरी हुई और दूल्हे के साथ दुल्हन को विदा कर दिया गया। मिश्रौली चौकी प्रभारी विवेक पांडेय ने बताया है कि ग्राम प्रधान से मामले की जानकारी हुई है। युगल बालिग हैं। किसी भी पक्ष से कोई तहरीर नहीं मिली है।