पडरौना। मेडिकल कॉलेज से आए दिन मरीजों को झांसा देकर और यहां घूम रहे दलालों की मिली भगत से मरीजों को नगर के निजी अस्पतालों को भेजा जा रहा है। लगातार मिल रही शिकायतों का संज्ञान लेकर प्राचार्य ने कॉलेज के विभागाध्यक्षों को पत्र जारी कर चेतावनी दी है। इसके अलावा सीएमएस ने रविंद्र नगर थाने को शिकायती पत्र देकर मेडिकल कॉलेज में अवैध तरीके से प्राइवेट एंबुलेंस लेकर मौजूद दलालों पर कार्रवाई की मांग की है।
मेडिकल कॉलेज में बेहतर और सस्ते इलाज के लिए आने वाले मरीज यहां पांव जमाए दलालों के चंगुल में फंसकर निजी अस्पतालों में पहुंच जा रहे हैं। इस खेल में मेडिकल कॉलेज के आस पास डेरा जमाए एंबुलेंस चालक और निजी अस्पतालों के स्वास्थ्य कर्मी और दलाल की महत्वपूर्ण भूमिका बताई जा रही है। इमरजेंसी से लगायत एमसीएच विंग तक निजी अस्पतालों के कर्मचारी और दलाल जमे रहते हैं और हायर सेंटर के नाम पर रेफर मरीजों को अपना निशाना बनाकर नगर के प्राइवेट अस्पतालों में लेकर चले जाते हैं। मेडिकल कॉलेज प्रशासन दलालों का नेटवर्क तोड़ने के लिए काफी प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। बृहस्पतिवार को मेडिकल कॉलेज से संबद्ध जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. एच एस राय ने रवींद्रनगर थानध्यक्ष को पत्र जारी कर बताया है कि जिला संयुक्त चिकित्सालय के परिसर में अनधिकृत एंबुलेंस खड़ी रहती हैं जो इमरजेंसी और अन्य वार्डों से मरीजों को बहला फुसलाकर निजी अस्पतालों में लेकर जाते हैं जिससे मरीजों का आर्थिक शोषण होता है। इन सभी अनधिकृत एंबुलेंस को चिह्नित कर कार्रवाई करने के लिए कहा है। वहीं, दलालों पर नजर रखने के लिए मेडिकल कॉलेज के वरिष्ठ परामर्शदाता को निर्देश दिए गए हैं।
-
मेडिकल कॉलेज से संबद्ध जिला अस्पताल से मरीज माफिया के मामले में छपी खबर को संज्ञान में लेकर परिसर में खड़ी अनधिकृत एंबुलेंस पर कार्रवाई के लिए थाने को पत्र लिखा गया है। इस मामले में डॉ. दिलीप कुमार को जांच अधिकारी नामित करते हुए प्रकरण की रिपोर्ट तीन दिन के भीतर देने के लिए कहा गया है। -डॉ. एचएस राय, सीएमएस