पडरौना। मौसम ने अचानक करवट ले ली है। बुधवार से ही मौसम में तेजी से बदलाव देखने काे मिल रहा है। इस दिन सुबह से ही आसमान में बादल छाने के बाद दोपहर में हल्की बूंदाबादी हुई। शुक्रवार की सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहने के साथ ही तेज हवा चलती रही। इससे मौसम का न्यूनतम तापमान गिरकर 11 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। गलन भरी ठंड से शाम ढलते ही लोग घर में दुबक गए।
पूरे दिसंबर भर ठंड से परेशान रहे लोगों को नया वर्ष सुकून लेकर आया था। एक जनवरी के बाद धीरे-धीरे मौसम सामान्य होने लगा था। मकर संक्रांति के बाद लोगों को लगा कि अब ठंड चली गई। धूप निकलने पर लोगों ने गर्म कपड़े पहनने कम कर दिए थे, लेकिन बुधवार की सुबह मौसम ने अचानक करवट ली और सुबह से ही आसमान में बादल छा गए। दोपहर करीब दो बजे हल्की बूंदाबादी के बाद हल्की धूप निकली।
बृहस्पतिवार की सुबह लोगों के लिए घना कोहरा लेकर आया। सुबह करीब नौ बजे तो धूप निकली, लेकिन ठंडी हवा लोगों की कंपकपी छुड़ा दी। शुक्रवार को भी मौसम जस का तस बना रहा। आसमान में बादल छाए रहे और हवा चलने से गलन बढ़ गई। अचानक बदले मौसम से बाजारों, सड़कों और ग्रामीण इलाकों में ठंड का असर और तेज हो गया। लोग ठंड से ठिठुरने पर मजबूर हो गए।
मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले एक-दो दिन तक बादल छाए रहने और ठंडी हवा चलने की आशंका बनी हुई है। साथ ही हल्की बूंदाबांदी होने की संभावना जताई है। इससे ठंड और बढ़ सकती है। ऐसे में लोगों से सतर्क रहने की जरूरत है। जिला कृषि अधिकारी डॉ. मेनका ने बताया कि हल्की बारिश हुई तो गेहूं ही फसल को फायदा पहुंच सकता है।
कृषि विज्ञान केंद्र सरगटिया के मौसम वैज्ञानिक श्रुति वी सिंह ने बताया कि शुक्रवार को अधिकतम तापमान 21 डिग्री व न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिन के तापमान में कमी तो रात के तापमान में वृद्धि दर्ज की गई।