मथौली नगर पंचायत मे शो पीस बना ओवर हेड टैंक।संवाद
मथौली। नगर पंचायत कस्बा में बना ओवरहेड टैंक 20 वर्षों से खराब पड़ा है। पानी की आपूर्ति के लिए बने दोनों पंप हाउस बेकार पड़े हैं। इससे पानी की आपूर्ति न होने के कारण लोगों को शुद्ध पेयजल के लिए परेशान होना पड़ रहा है।
वर्ष 1980 में जल निगम की तरफ से मथौली में 30 हजार लीटर क्षमता के ओवरहेड टैंक का निर्माण कराया गया था। इससे पानी की आपूर्ति के लिए दो पंप हाउस भी बनवाए गए थे, ताकि एक पंप हाउस खराब भी हो जाए तो दूसरे से पानी की आपूर्ति हो सके। लोगाें ने सोचा था कि पाइप लाइन बिछ जाने के बाद शुरुआती दिनों में लगी टंकी अब चालू हो जाएगी और नगर के लोगों को शुद्ध पेयजल मिलेगा, लेकिन टंकी तो चालू नहीं उपर से सड़क को तोड़ दिया गया। सड़क में जगह-जगह गड्ढा बन गया। पानी के साथ-साथ लोगों को आने-जाने में भी परेशानी होने लगी।
जेई जल निगम अतुल गुप्ता ने बताया ओवरहेड टैंक की चहारदीवारी और पंप हाउस की छत क्षतिग्रस्त हो गई थी। पंप हाउस की मशीनें भी खराब बताई जा रही हैं, जिसके चलते पानी की आपूर्ति नहीं हो पा रही है।
चहारदीवारी और छत की मरम्मत का काम पूरा हो गया। लोग हैंडपंपों के पानी पर ही निर्भर हैं। मथौली नगर निवासी प्रेमचंद सिंह, ब्रजेश उपाध्याय, रोबिन सिंह, बृजेश गुप्ता, अखिलेश मल्ल इम्तियाज अंसारी, ताहिर अंसारी अनूप मद्धेशिया, जयप्रकाश यादव, बैजनाथ यादव, हेमंत यादव सहित अन्य लोगों ने पानी की आपूर्ति जल्द शुरू कराने की मांग की है।