कसया। थाना क्षेत्र के भरवलिया गांव के कुर्मी टोला में बृहस्पतिवार की रात चोरों ने घर के पीछे की दीवार में सेंध काटकर लाखों रुपये के जेवरात, नकदी और कीमती कपड़े चोरी कर लिए। सुबह जब परिवार के लोग उठे तो घर का सामान बिखरा देखकर दंग रह गए। खोजबीन करने पर पीछे की ओर मकान की पक्की दीवार टूटी मिली। सूचना मिलने पर कसया पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई। खोजबीन के दौरान खेत की सरेह में टूटे हुए बॉक्स भी बरामद हुए।
जानकारी के अनुसार ग्रामवासी रामाश्रय चौधरी का परिवार के लोग रोजाना की तरह रात में खाना खाकर सो गए थे। सुबह उठने पर जब उन्होंने देखा कि घर के बॉक्स गायब हैं और सामान अस्त-व्यस्त है तो परिजनों ने तलाश शुरू की। पीछे की ओर दीवार में सेंध काटकर चोरी की घटना का अंजाम दिया गया है। घर दूर खेत में कुछ ही दूरी पर टूटा हुआ बॉक्स और कुछ कपड़े बिखरे पड़े थे।