पडरौना। शहर के नोनियापट्टी स्थित रेलवे ढाले पर बन रहे रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण कार्य तेज हो गया है। निर्माण कार्य की जद में आ रहे भूतनाथ मंदिर को नहीं तोड़ा जाएगा। इसके लिए सोमवार की शाम कॉलोनी के लोगों के साथ रेलवे प्रशासन ने बैठक कर सहमति बनाई।
शहर के कठकुइयां रोड से बेलवाचुंगी की तरफ से जाने वाली बाईपास मार्ग स्थित नोनियापट्टी रेलवे ढाला पर बनने वाले रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण कार्य तेज हो गया है। आरओबी के निर्माण की जद में आ रहे भूतनाथ मंदिर को लेकर स्थानीय लोग और रेलवे के अधिकारियों ने आम सहमति बना ली है। अब निर्माण कार्य की जद में आने वाले मंदिर के हिस्से को छोड़ दिया जाएगा।
विश्व हिंदू परिषद के जिलाध्यक्ष मुकेश त्रिपाठी और पूर्वोत्तर रेलवे के सीनियर सेक्शन इंजीनियर प्रवीण कुमार मिश्र की मौजूदगी में हुई कॉलोनी के लोगों की बैठक में निर्णय लिया गया। मंदिर के आगे करीब तीन फिट और मंदिर के पीछे करीब छह फिट ही तोड़कर वहां पायलिंग का कार्य किया जाएगा। इस निर्णय का मौजूद सभी लोगों ने एक स्वर में सहमति जताई।