पकवा इनार। बुद्ध इंटर कॉलेज कुशीनगर में शनिवार को डीआईओएस की ओर से गठित दो सदस्यीय जांच समिति पहुंची। जांच समिति को कॉलेज में छात्र-छात्राओं से लिया जाने वाला शुल्क व उसकी रसीद नहीं दिए जाने सहित कई अन्य आरोपों की जांच करनी थी। इसकी जांच रिपोर्ट समिति डीआईओएस को सौंपेगी, लेकिन किन्हीं कारणों से समिति की जांच पूरी नहीं हो पाई।
15 जुलाई को डीआईओएस श्रवण कुमार गुप्ता ने बुद्ध इंटर कॉलेज में छात्र-छात्राओं से लिए जाने वाले शुल्क और उसकी रसीद नहीं दिए जाने के अलावा अन्य कई आरोपों की जांच करने के लिए दो सदस्यीय जांच समिति गठित कर दी थी। समिति में राजकीय माध्यमिक विद्यालय मनिकौरा के प्रधानाचार्य विजय राय व राजकीय माध्यमिक विद्यालय खड्डा के प्रधानाचार्य भूपेंद्र कुमार मिश्रा शामिल हैं। डीआईओएस ने इस जांच समिति का गठन नगर पालिका परिषद कुशीनगर के वार्ड-21 बुद्ध नगरी निवासी प्रियेश गोंड के बीते आठ जुलाई 2025 को डीएम से की गई शिकायत के मद्देनजर की गई है।
मामले में डीएम ने जांच कर कार्रवाई के साथ एक सप्ताह में रिपोर्ट मांगी है। शिकायतकर्ता प्रियेश गोंड ने 19 अप्रैल 2025 को डीआईओएस की तरफ से जारी पत्र का कॉलेज की तरफ से अनुपालन नहीं करने, बीते चार जुलाई 2025 को धमकी देने, कॉलेज की बिजली कटने, अप्रैल 2025 से अब तक प्रवेश ले चुके छात्र-छात्राओं की संख्या उपलब्ध कराने आदि की जानकारी सहित कई अन्य आरोप लगाए हैं।
जांच समिति में शामिल प्रधानाचार्य भूपेन्द्र कुमार मिश्रा ने बताया कि लगाए गए सभी आरोपों की जांच चल रही है। आरोपों की समग्र बिंदुवार रिपोर्ट साक्ष्य के साथ तैयार किया जा रहा है। वर्तमान में सभी आरोपों से संबंधित लोगों का पक्ष नहीं लिया गया है। उनके पक्ष के बाद ही तैयार कर रिपोर्ट सौंपी जाएगी।