मथौली। स्थानीय नगर पंचायत सहित अन्य जगहों में स्थित बेतिया एस्टेट की जमीन की प्रशासन डाक्यूमेंट्री बना रहा है। बिहार सरकार की टीम ने मथौली, सिघाडी, मोहन मुंडेरा में स्थित जमीन डाक्यूमेंट्री तैयार की और उसे साथ ले गई। इससे मकान का निर्माण कराकर रहने वाले लोगों की चिंता बढ़ गई है। बिहार सरकार ने कप्तानगंज और हाटा तहसील प्रशासन को जमीन की पैमाइश कराकर कब्जामुक्त कराने की मांग की है।
मथौली नगर पंचायत स्थित मां चेड़ा देवी मंदिर परिसर में शुक्रवार को बिहार सरकार के राजस्व विभाग की टीम पहुंची। मां चेड़ा देवी के दर्शन के बाद बेतिया एस्टेट की जमीन की डाक्यूमेंट्री तैयार की। उसके बाद नगर के वार्ड नंबर चार पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर में स्थित जमीन की भी डाक्यूमेंट्री बनाई। कप्तानगंज तहसील क्षेत्र के गांव सिघाडी में स्थित बगीचा, मोहन मुंडेरा में जमीन की डाक्यूमेंट्री तैयार की गई। टीम के साथ हाटा लेखपाल अमीत कुमार कन्नौजिया व कप्तानगंज के भी राजस्व कर्मचारी मौजूद रहे।
बिहार सरकार के निर्देश पर एक सितंबर को उप सचिव राजस्व संजीव कुमार ने मथौली स्थित चेड़ा देवी मंदिर व कचहरी तथा अहिरौली में बेतिया एस्टेट की जमीनों का निरीक्षण किया था। निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य बेतिया एस्टेट की जमीन को सुरक्षित करना है। बेतिया एस्टेट की जमीन का मंदिर, मठ सहित अन्य सार्वजनिक स्थल के रूप में प्रयोग हो रहा है। हाटा तहसील के मथौली में 5.15 एकड़ व चेड़ा देवी मंदिर परिसर में 74 डिस्मिल जमीन है। इसी प्रकार कप्तानगंज तहसील क्षेत्र के गंभीरपुर में 2.9270 एकड़, साखोपर में 1.8250, मोहन मुंडेरा में 3.4390, डोमबरवा में 0.1130 व पेमली में 0.1620 कुल 8.4660 एकड़ जमीन बेतिया एस्टेट की है। निरीक्षण के दौरान तहसीलदार कप्तानगंज सुमीत सिह तहसीलदार हाटा नरेंद्र राम, नायब तहसीलदार सुनील सिंह, लेखपाल अमित कन्नौजिया, रंजू यादव, आशुतोष कुशवाहा आदि मौजूद रहे।
कप्तानगंज तहसील क्षेत्र के गांव गंभीरपुर में बेतिया एस्टेट की लगभग 2.9270 एकड़ आम के बगीचे को गांव के रामाश्रय सिंह ने अपने नाम करा लिया था। जानकारी होने पर रामसुरेश शाही ने मुकदमा कर जमीन को पुनः बेतिया एस्टेट के नाम दर्ज करा दिया था। बगीचे की देखरेख कप्तानगंज तहसील के जिम्मे है। मुक़दमा हाईकोर्ट में विचाराधीन है। वहीं, मथौली नगर में खेती योग्य जमीन पर कुछ लोगों का कब्जा है कुछ जमीन खाली है। कस्बा के कचहरी परिसर में मां दुर्गा मंदिर है।