पडरौना। स्कूली वाहनों की फिटनेस को लेकर परिवहन विभाग पूरी तरह गंभीर हो गया है। विभाग की तरफ से गठित टीम एक-एक स्कूल में जाकर विद्यालयों से संचालित वाहनों की फिटनेस की जांच कर रही है। जांच के दौरान अनफिट मिले वाहनों पर कार्रवाई कर बिना फिटनेस लिए उसके संचालन पर प्रतिबंध लगा रहे हैं। सोमवार को परिवहन विभाग की दो टीम कप्तानगंज तहसील क्षेत्र के विद्यालयों में विभागीय टीम ने अभियान चलाकर कार्रवाई की।
संभागीय निरीक्षक आरडी प्रसाद वर्मा ने बताया कि सोमवार को कप्तानगंज तहसील क्षेत्र के सेंट जोसेफ इंटर कॉलेज, पीजी कॉलेज समेत छह विद्यालयों की तरफ से संचालित वाहनों का भौतिक निरीक्षण किया गया है। निरीक्षण के दौरान स्कूली वाहनों में जीपीएस, सीसीटीवी कैमरा, अग्निशमन यंत्र, फस्ट ऐड बॉक्स, सीट बेल्ट समेत अन्य कमियां मिली हैं। इसको गंभीरता से लेते एक सप्ताह के भीतर मिली कमियों को दूर करने का निर्देश दिया गया है। उन्होंने चेताया कि यदि निर्धारित समय के भीतर जांच में मिली कमियां दूर नहीं हुईं तो उसके खिलाफ अन्य विधिक कार्रवाई की जाएगी।
कप्तानगंज संवाद के अनुसार कस्बा में परिवहन विभाग ने स्कूली वाहनों के खिलाफ सख्त अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की। पीटीओ बलवंत सिंह की अगुवाई में सुबह 7:30 बजे स्कूली वाहनों की जांच की गई। जांच के दौरान फिटनेस प्रमाणपत्र और परमिट नहीं मिलने पर तीन वाहनों की सीज की कार्रवाई की है। इसके अलावा आठ वाहनों का चालान किया। पीटीओ ने बताया कि कप्तानगंज और रामकोला कस्बा में अभियान चलाकर स्कूली वाहनों की जांच की गई। जांच के दौरान तीन स्कूली वाहनों के फिटनेस, परिमट, प्रदूषण प्रमाण पत्र समेत अन्य कई कमियां मिलीं। इसको गंभीरता से लेते हुए तीन वाहनों को सीज कर दो स्कूली वाहन को कप्तानगंज और एक स्कूली वाहन को रामकोला पुलिस को सुपुर्द कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि सीज की कार्रवाई के अलावा अन्य आठ वाहनों की जांच में मिली कमियों को गंभीरता से लेते हुए उसे चालान कर दिया गया है। इस दौरान तेजपाल, चंद्रशेखर सिंह आदि मौजूद रहे।