पडरौना। कोहरे के ऑरेंज अलर्ट के बीच शनिवार को जिला ठंड की चपेट में रहा। सुबह-शाम घने कोहरे के साथ ही पूरे दिन बादल छाने का भी असर रहा। पूरे दिन सूर्य के दर्शन नहीं हुए। इसके चलते शुक्रवार के मुकाबले शनिवार को अधिकतम तापमान में दो डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान की कमी दर्ज की गई। रविवार और सोमवार को भी कोहरे का ऑरेंज अलर्ट है।
लोगों को सुबह-शाम सड़कों पर संभलकर निकलने की सलाह दी गई है। कृषि विज्ञान केंद्र सरगटिया के मौसम वैज्ञानिक श्रुति वी सिंह ने बताया कि पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी और पछुआ हवा चलने की वजह से ठंड बढ़ी है। इस तरह का मौसम दो से तीन दिन तक बने रहने की संभावना है। मंगलवार के बाद हल्की धूप होने की संभावना है।
जिले में पूरे दिन गलन भरी ठंड का असर इस कर रहा कि बाइक सवार जहां अलावा देख रहे थे, वहीं रूक कर शरीर गर्म कर आगे बढ़ रहे थे। वहीं शाम को बहुत जरूरी होने पर ही लोग घर से बाहर निकले। इसके चलते शाम के समय सड़क पर सन्नाटा पसर गया।
कोहरा शुक्रवार की रात से ही छाने लगा था, जो शनिवार की तड़के तक लगातार बना रहा। शनिवार को अवकाश होने के कारण अधिकांश लोग सुबह देरी से ही उठे। जब बाहर देखा तो हर ओर घना कोहरा नजर आया। जो लोग जरूरी कार्यों से सुबह जल्दी घर से निकले उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ा। खासतौर से वाहनों से चलने वाले लोगों के लिए कम दृश्यता मुश्किल भरी रही। उन्हें काफी सतर्कता के साथ धीमी रफ्तार में वाहन चलाने पड़े। कोहरा भले ही सुबह करीब 10 बजे से पहले छट गया, लेकिन ठंड का सितम पूरे दिन जारी रहा। धूप निकलना तो दूर दिनभर भगवान सूर्य के भी दर्शन नहीं हुए।
दिन का अधिकतम तापमान 15 और न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेलि सेल्सियस रहा। शुक्रवार को धूप निकलने की वजह से अधिकतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस रहा था।