कसया। थाना क्षेत्र के एक गांव की छात्रा सुसाइड नोट लिखकर रविवार को दोपहर में घर से लापता हो गई। सुसाइड नोट मिलने से परिजनों के साथ-साथ पुलिस की परेशानी बढ़ गई। गुमशुदगी दर्ज कर सुसाइड नोट में आरोपी बनाए गए गांव के तीन युवकोंं से पूछताछ शुरू कर दी। देर रात छात्रा पड़ोसी के घर में मिल गई।
सुसाइड नोट के सवाल पर परिजन कुछ स्पष्ट जवाब नहीं दे रहे हैं। छात्रा के इस कदम को मानसिक तनाव बता रहे हैं। वहीं पुलिस का दावा है कि घर वालों की डांट से नाराज होकर छात्रा ने ऐसा किया था। पुलिस ने परिजनों को रात में ही छात्रा को सौंप दिया।
रविवार दोपहर घर से निकली छात्रा देर शाम तक वापस नहीं लौटी, जिससे परिजनों में अफरा-तफरी मच गई। काफी खोजबीन के बाद परिजनों ने डायल 112 पर सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तलाश शुरू की। छात्रा की नोटबुक से सुसाइड नोट मिला, जिसमें पड़ोस के तीन युवकों पर मानसिक प्रताड़ना और ब्लैकमेल करने का आरोप लगाते हुए आत्महत्या करने की बात लिखी थी।
पिता ने तहरीर में भी उन्हीं तीन युवकों पर बहला-फुसलाकर भगाने का आरोप लगाया। पुलिस ने सघन तलाशी अभियान चलाया। देर रात छात्रा को उसके घर के बगल के मकान से सकुशल खोज निकाला और परिजनों को सौंप दिया। एसओ अभिनव मिश्रा ने बताया कि पिता की डांट-फटकार से नाराज होकर छात्रा घरवालों से छिपकर पड़ोसी के घर चली गई थीं। संवाद