पडरौना। नए सत्र की शुरूआत हो गई। इसको लेकर अभिभावक कई दिन पूर्व से ही अपने बच्चों को किताब कापी की तैयारी में लगे थे, वहीं परिषदीय स्कूलों के बच्चे भी स्कूल पहुंचे। नई कक्षा में पढ़ाई को लेकर बच्चों में काफी उत्साह देखने को मिला। केंद्रीय विद्यालय से लेकर प्राइवेट विद्यालय तक की तैयारी पहले से हो चुकी थी। परिषदीय विद्यालयों में जगह-जगह बच्चों ने जागरूकता के लिए जुलूस निकाला और अभिभावकों से अपने बच्चों को स्कूल भेजने की अपील की गई। जिला मुख्यालय स्थित जूनियर हाईस्कूल परिसर से सोमवार को नए शिक्षण सत्र शुरू होने के मौके पर स्कूल चलो अभियान की रैली निकाली गई। इसमें लोगों को अपने बच्चों के नामांकन के लिए जागरूक किया गया।
रैली को संबोधित करते हुए सीडीओ देवीदास ने कहा कि इस सत्र में परीषदीय विद्यालयों में शत प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित कराने के लिए लोगों को जागरूक करना होगा। इसके लिए विभाग के सभी लोगों को एक साथ मिल कर साकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ना होगा।
बीएसए हेमंत राव ने कहा कि परीषदीय विद्यालयों के पास अच्छे टीचर और पर्याप्त संसाधन हैँ। अभिभावकों को एक बार अपने नजदीक के परीषदीय विद्यालय में आ कर वहां की स्थित के बारें में जानकारी लेनी चाहिए। उन्होंने विश्वास दिलाया कि परीषदीय विद्यालयों में एक बार भी जो अभिभावक आ जाएगा वह निश्चित रूप से अपने बच्चे का नामांकन करवा लेगा।
इस रैली की शुरुआत सीडीओ ने हरी झंडी दिखा कर किया। इस रैली के जरिए विद्यालयों में नामांकन कराने के अलावा जेई, एई के टीके लगवाने और अपने आस-पास साफ-सफाई करने के लिए लोगों को जागरूक किया।
तुर्कपट्टी प्रतिनिधि के अनुसार आदर्श इंग्लिश मीडियम स्कूल रूदवलिया में सुबह से ही अभिभावक अपने बच्चों का दाखिला कराने के लिए पहुंच गए थे। लोगों ने बच्चों का फार्म खरीदा और भरकर जमा किया। इस विद्यालय में 37 बच्चों का पहली कक्षा में नामांकन हुआ। इसी तरह कसया ब्लॉक के इंग्लिश मीडियम स्कूल कुरमौता में छह बच्चों का नामांकन कराया गया। विशुनपुरा ब्लॉक के पडरी स्थित इंग्लिश मिडियम स्कूल में अभिभावकों ने 10 बच्चों का नामांकन कराया।
इस दौरान बीईओ सत्यप्रकाश कुशवाहा, सह समन्वयक संजीव कुमार, जितेंद्र सिंह, तारकेश्वर शुक्ल, सुनील कुमार गुप्ता, मेहरूद्दीन अली, न्याय पंचायत समन्वयक प्रमोद कुमार श्रीवास्तव, इंद्रजीत मणि, रामगति, संजय कुमार सिंह, द्रोपदी सिंह, रेनू बाला सिंह, रामकुमार मिश्र, संजय कुमार, उर्मिला कुशवाहा, शालनी, कल्पना, पंकज आदि शिक्षक और कर्मचारी मौजूद रहे।
परिषदीय स्कूलों को भी नए साज-सज्जा और कुछ को अंग्रेजी माध्यम करने से अभिभावकों का इन स्कूलों के प्रति रुझान देखने को मिला। इस वर्ष परिषदीय विद्यालयों में भी दाखिला बढ़ने की संभावना जताई जा रही है। नए नियमावली से जहां अध्यापकों में उत्साह है, वहीं अभिभावक भी इसके प्रति आकर्षित होते देखे गए।