पकड़ियार बाजार। नेबुआ नौरंगिया क्षेत्र के नंदन छपरा गांव के सामने गंडक नहर की पटरी पर बनी सड़क एक बार फिर धंस गई है। सड़क के बीचोबीच मिट्टी धंसने से करीब चार वर्ग मीटर में गड्ढा बन गया है। इसके चलते इस रास्ते महराजगंज और नेपाल को जाने वाले लोगों का आवागमन बाधित हो गया है। इस स्थान पर यह तीसरी बार गड्ढा बना है।
इसके पहले अक्तूबर 2024 और जनवरी 2025 में भी इसी जगह पर सड़क धंसी थी। बार-बार इसी जगह पर सड़क धंसने से न केवल यातायात व्यवस्था पर असर पड़ा है, बल्कि इससे गंडक नहर की सुरक्षा पर भी गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। इसकी जानकारी होते ही चौराहे के लोगों ने दोनों ओर से वाहन चालकों को रोका। अस्थायी रूप से लकड़ी डालकर खतरे का संकेत लगाया, ताकि कोई हादसा न हो। इस समय केवल दोपहिया और ऑटो वाहन ही बहुत सावधानी से मार्ग पार कर जा रहे हैं, जबकि भारी वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद कर दी गई है। लगातार हो रही मूसलाधार बारिश और नहर की पुरानी मिट्टी के कमजोर होने से यह आशंका जताई जा रही है कि नहर की पटरी अंदर से खोखली हो चुकी है।