कोटवा ब्लॉक मुख्यालय पर विरोध प्रदर्शन करते सिरसिया के लोग।संवाद
पकड़ियार बाजार। नेबुआ नौरंगिया क्षेत्र के सिरसिया कला गांव में कोटा चयन के बाद चयनित कोटेदार को प्रमाण पत्र नहीं मिला है। इससे नाराज गांव के लोग मंगलवार को ब्लॉक मुख्यालय पहुंचे। जहां बीडीओ और एडीओ पंचायत की अनुपस्थिति से नाराज होकर लोागों ने नारेबाजी कर प्रदर्शन किया।
सोमवार को सिरसिया गांव के प्राथमिक विद्यालय परिसर में एडीओ पंचायत मोहन सिंह की देखरेख में मतदान के जरिए राशन की दुकान के लिए कोटेदार का चयन हुआ। इसमें दावेदारी प्रस्तुत कर रहे हृदेश कुशवाहा को 580 और प्रभु गुप्ता को 456 मत मिले। सर्वाधिक समर्थन पाने वाले हृदेश कुशवाहा ने प्रमाण पत्र की मांग की, लेकिन एडीओ पंचायत ने भीड़ का हवाला देकर प्रमाण पत्र ब्लॉक मुख्यालय पर देने की बात कहकर चले गए। इसके बाद चयनित कोटेदार ब्लॉक पहुंचे तो एडीओ पंचायत शाम तक ब्लॉक कार्यालय नहीं पहुंचे।
मंगलवार को गांव के लोगों के साथ चयनित कोटेदार दोबारा ब्लॉक पहुंचे तो वे कार्यालय में अनुपस्थित मिले। इसकी शिकायत करने बीडीओ के पास पहुंचे तो वे भी नहीं थे। इससे नाराज लोग बीडीओ और एडीओ पंचायत के खिलाफ नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन करने लगे।
इसके बाद बीडीओ को संबोधित मांग पत्र वरिष्ठ सहायक शत्रुंजय चौधरी को सौंप कर चले गए। मांग पत्र में गांव के अमित, रामप्रीत, सुग्रीव, आदित्य, गनेश, राजेश, अनिल, मनीष, गुड्डू, व्यास, महेंद्र, बैजनाथ, रामाज्ञा आदि ने आरोप लगाते हुए कहा कि एडीओ पंचायत दबाव में आकर प्रमाण पत्र जारी नहीं कर रहे हैं। लोगों ने चेतावनी दी कि यदि तीन दिन के भीतर चयनित कोटेदार को प्रमाण पत्र नहीं मिला तो ब्लॉक कार्यालय परिसर में अनशन करेंगे।