मौत की सूचना पर पोस्टमार्टम हाउस पर जुटी भीड़।स्रोत-सोशल मीडिया
मंसाछापर। पडरौना कोतवाली क्षेत्र के बबुईया हरपुर स्थित बुद्ध इंटर कॉलेज परिसर में हुए जानलेवा हमले में घायल प्रधानाचार्य छोटेलाल कुशवाहा की मंगलवार सुबह कुशीनगर मेडिकल कॉलेज में मौत हो गई। सोमवार देर रात ही उन्हें लखनऊ से कुशीनगर लाया गया था। छोटेलाल की मौत की खबर मिलते ही पत्नी और तीन बच्चों की भी तबीयत बिगड़ गई। उन्हें मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
उधर, पुलिस ने इस मामले में सात और नामजद आरोपियों को मंगलवार दोपहर गिरफ्तार कर लिया। कुल 12 नामजद आरोपियों में से पांच पहले ही गिरफ्तार किए जा चुके हैं। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त भाला और लाठी भी बरामद कर लिया है।
छोटेलाल की मौत के बाद पुलिस मामले में हत्या की धारा भी बढ़ाने की तैयारी में है। तनाव को देखते हुए गांव में पुलिस तैनात है।
मालूम हो कि शनिवार सुबह बड़ी संख्या में महिलाएं, पुरुष और बच्चे लाठी-डंडा और धारदार हथियार लेकर बबुरईया हरपुर गांव स्थित बुद्ध इंटर काॅलेज परिसर में घुस गए थे। बताया जा रहा है कि पुरानी रंजिश में हमलावरों ने विद्यालय के प्रधानाचार्य, शिक्षकों और व अन्य स्टाफ पर हमला कर दिया। इसमे प्रधानाचार्य छोटेलाल कुशवाहा समेत सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। छोटेलाल के सिर में भाला लगने से उनकी हालत ज्यादा गंभीर थी। उन्हें कुशीनगर मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। वहां इलाज के बाद हालत में सुधार नहीं होने पर गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। वहां से भी डॉक्टरों ने लखनऊ रेफर कर दिया। परिजनों ने उन्हें लखनऊ के एक निजी अस्पताल में ले गए लेकिन हालत में सुधार नहीं हुआ। सोमवार को लखनऊ के डॉक्टरों के कहने पर परिजन उन्हें वापस कुशीनगर लेते आए और मेडिकल काॅलेज में भर्ती कराया, जहां मंगलवार सुबह करीब 11 बजे उनकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के तीन बच्चे 12 वर्षीय ज्योति, 10 वर्षीय रोशनी और 8 वर्षीय अभिनंदन हैं। छोटेलाल की मौत की सूचना मिलते ही पत्नी पूनम और तीनों बच्चों की तबीयत बिगड़ गई। उन्हें भी मेडिकल कॉलेज में भर्ती करवाया गया है।