पडरौना। बिजली समस्या को लेकर हिंदू युवा वाहिनी के कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को नगर के तिलक चौक पर धरना दिया। इनकी अगुवाई हियुवा के गोरखपुर मंडल प्रभारी विनय जायसवाल कर रहे थे।
धरना देर शाम तक जारी रहा। कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए विनय जायसवाल ने कहा कि पिछले एक पखवारे से पडरौना नगर में बेतहाशा बिजली कटौती हो रही है, जिससे नगर के उपभोक्ता परेशान हैं। घरेलू कामकाज से लेकर व्यवसाय तक प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि जब तक यह समस्या समाप्त नहीं होती, तब तक यह धरना चलता रहेगा।
धरना में शामिल लोगों की मांग थी कि लो वोल्टेज की समस्या से निजात दिलाई जाए, बिजली कटौती का शेड्यूल निर्धारित किया जाए, बंजारीघाट और कानू टोला में लाइट का विस्तार किया जाए, आवास विकास कॉलोनी, मुन्ना कॉलोनी सहित अन्य मुहल्लों से 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन हटाई जाए, नगर में बिजली न रहने पर जेनरेटर से पानी की आपूर्ति की जाए, नगर के विभिन्न मुहल्लों में आपूर्ति की जाने वाली पानी की स्वच्छता की जांच कराने सहित कुल आठ मांगें इनके ज्ञापन में थीं।
इस दौरान मनीष जायसवाल, अरुण सिंह, अजय शर्मा, शंभू, गोरख द्विवेदी, टीपू गुप्ता, बबलू मद्धेशिया, निर्मल साहा, निखिल मोदनवाल, राज गुप्ता, आयुष जायसवाल, चंदन शर्मा सहित कई लोग धरना में शामिल थे।