कुशीनगर। जिले में तस्करी के कुख्यात चेहरों पर नकेल कसने के लिए उच्चाधिकारियों के निर्देश पर पुलिस अब सक्रिय हो गई है। तस्करी को लेकर चर्चित पडरौना कोतवाली क्षेत्र के बसहिया बनवीरपुर गांव में बृहस्पतिवार देर रात से शुक्रवार भोर तक गोरखपुर और कुशीनगर की पुलिस टीम जमी रही, लेकिन उसे सफलता नहीं मिली। पुलिस परवेज की तलाश में आई थी।
उस पर गोरखपुर के खोराबार में पशु तस्करी का केस दर्ज है। इसके अलावा रियाज उर्फ ननकी के लिए भी पुलिस दबिश देने पहुंची थी। उसे खाली हाथ लौटना पड़ा। इसके पहले भी इस गांव के तस्कर पुलिस को छकाते रहे हैं।सूत्रों के मुताबिक खाकी और तस्करों से सेटिंग के कारण भी तस्करों को पकड़ने में पुलिस को कामयाबी नहीं मिलती है। तीन दिन से लगातार पुलिस बसहिया गांव में पहुंच रही है।
पुराने तस्करों के सत्यापन से लेकर जेल से छूटे तस्करों को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में बृहस्पतिवार को तलब किया गया था। जिन्हें हिदायत देकर छोड़ दिया गया। वहीं जिले में तस्करी से बदनाम पडरौना कोतवाली के बसहिया बनवीरपुर गांव में भी पुलिस ने छापेमारी की।
कुख्यात पशु तस्कर रियाज उर्फ ननकी इसी गांव का रहने वाला है। वह महीनों से पुलिस को छका रहा है। जैसे ही डीजीपी के निर्देश पर जोन के अधिकारी हरकत में आए पुलिस बसहिया पहुंच गई।बृहस्पतिवार रात बसहिया बनवीरपुर में गोरखपुर के खोराबार थाने की पुलिस पडरौना कोतवाल हर्षवर्धन सिंह के साथ पहुंची। गांव में कोई पशु तस्कर पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ा। गांव में भोर तक जमी रही पुलिस को कुख्यात तस्कर रियाज उर्फ ननकी और अन्य तस्करों का पता नहीं चला।