पडरौना। सड़क हादसों पर रोक और यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए यातायात पुलिस ने कमर कस ली है। शहर समेत जिले में ई-रिक्शा और ऑटो चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए जगह-जगह कैंप लगाए जा रहे हैं।
पुलिस ने साफ किया है कि 15 दिन तक सिर्फ समझाया जाएगा, उसके बाद नियम तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी। बृस्पतिवार को यातायात पुलिस की तरफ से शहर के जूनियर हाईस्कूल परिसर में जागरूकता कार्यक्रम ई-रिक्शा और ऑटो चालकों को यातायात नियमों की जानकारी देकर उसका शतप्रतिशत पालन करने के लिए प्रेरित किया।
जागरूकता कार्यक्रम को संबोधित करते हुए यातायात निरीक्षक अश्वनी कुमार राय ने बताया कि शहर में बढ़ते ट्रैफिक जाम और आए दिन होने वाली दुर्घटनाओं को देखते हुए यातायात पुलिस ने जागरूकता अभियान शुरू किया है। प्रमुख चौराहों, स्टैंड और मार्केट क्षेत्रों में कैंप आयोजित कर ई-रिक्शा और ऑटो चालकों को ट्रैफिक नियमों की जानकारी दी जा रही है। उन्होंने कहा कि किसी भी स्थिति में वाहन पर ओवरलोडिंग न करें, बिना लाइसेंस वाहन न चलाए, नो पार्किंग जोन में वाहन न खड़ा करें।