पडरौना। अनियमित दिनचर्या व खानपान में आए बदलाव के चलते रक्तचाप बढ़ने के साथ शुगर की समस्या जूझना पड़ सकता है। यदि आपकी उम्र 40 वर्ष से अधिक है तो उच्च रक्तचाप के प्रति और अधिक सतर्कता बरतने की जरूरत है।
मेडिकल कॉलेज में हाई बीपी के इन दिनों अधिक मरीज पहुंच रहे हैं। डॉक्टर उन्हें दवा के साथ दिनचर्या में बदलाव करने की सलाह दे रहे हैं।
मेडिकल कॉलेज के मेडिसिन विभाग में प्रतिदिन 200-250 मरीजों की रक्तचाप और शुगर की जांच होती है। इनमें 40 वर्ष या उससे अधिक आयु के लोगों को उच्च रक्तचाप की दिक्कत है। चिकित्सक लोगों को दवा के साथ नियमित व्यायाम और संतुलित खानपान रखने की सलाह दे रहे हैं।
वरिष्ठ फिजिशियन डॉ. उपेंद्र चौधरी ने बताया कि ठंड बढ़ने के साथ लोगों में उच्च रक्तचाप की समस्या तेजी से बढ़ रही है। 40 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों को शिकायत होने लगी है। इसकी मुख्य वजह बदलती जीवन शैली है। अधिक नमकयुक्त भोजन करने से रक्तचाप अधिक रहता है।